प्राथमिक विद्यालयों में 72825 सहायक अध्यापकों के लिए चल रही नियुक्ति प्रक्रिया में तीसरे चरण में प्रशिक्षण पूरा करने वाले प्रशिक्षु शिक्षकों की परीक्षा 22 एवं 23 जनवरी को होगी। सचिव परीक्षा नियामक प्राधिकारी कार्यालय पर 20 दिसंबर से लगातार धरने पर बैठे प्रशिक्षु शिक्षकों से वार्ता के बाद परीक्षा तिथि जारी की गई। रजिस्ट्रार परीक्षा नियामक प्राधिकारी नवल किशोर ने बताया कि तीसरे चरण का प्रशिक्षण पूरा करने वाले अभ्यर्थी परीक्षा कराने की मांग को लेकर सचिव से मिले। उन्होंने परीक्षा की तिथि 22 एवं 23 जनवरी को तय की है।
प्रशिक्षु शिक्षकों की तीसरे चरण की परीक्षा के बाद अब 72825 शिक्षकों की भर्ती में लगभग चार हजार शिक्षकों की मौलिक नियुक्ति का रास्ता साफ हो गया है। प्रदेश सरकार की ओर से 72825 शिक्षकों की भर्ती में पहले चरण में 58 हजार, दूसरे चरण में 12 हजार एवं तीसरे चरण में चार हजार अभ्यर्थियों को प्रशिक्षण दिया गया। इसमें पहले चरण के अभ्यर्थियों को नियुक्ति मिल चुकी है, दूसरे चरण के 12 हजार अभ्यर्थियों की नियुक्ति के लिए आदेश जारी हो चुका है। अब तीसरे चरण की परीक्षा के बाद चार हजार शिक्षकों की नियुक्ति होगी।