एडीए ने सोमवार को कालिंदीपुरम आवास योजना में तकरीबन एक करोड़ रुपये कीमत की चार सौ वर्गमीटर जमीन अवैध कब्जे से मुक्त कराई। एडीए की अधिग्रहीत इस जमीन पर कुछ लोगों ने कब्जा कर रखा था। पिछले कुछ दिनों से इस जमीन पर दो मकानों का निर्माण भी शुरू हो गया था। कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों ने विरोध का भी प्रयास किया।
कालिंदीपुरम में पुलिस चौकी के आगे मुख्य मार्ग पर सीआईएसएफ के सामने एडीए की तकरीबन चार सौ वर्गमीटर जमीन पर कुछ लोगों ने अवैध रूप से कब्जा कर रखा था। जमीन पर लंबे समय से अवैध कब्जा होने के कारम एडीए मूल आवंटी को कब्जा दे पा रहा था। इस बीच यहां त्रिभुवन सिंह नाम के व्यक्ति ने मकान का निर्माण भी शुरू करा दिया था। इसी के बगल में एक व्यक्ति ने चहारदीवारी उठा ली थी, जबकि एक अन्य व्यक्ति ने भी मकान का निर्माण शुरू करा दिया था। सोमवार को जोनल अधिकारी गुडाकेश शर्मा के नेतृत्व में धूमनगंज थाने की पुलिस के साथ के साथ एडीए का दस्ता मौके पर पहुंचा।
दस्ते में शामिल जेसीबी ने जैसी ही मकान और चहारदीवारी गिरानी शुरू की, कुछ लोगों ने विरोध शुरू कर दिया। हालांकि साथ गई पुलिस ने लाठियां पटककर लोगों को खदेड़ दिया। श्री शर्मा ने बताया कि अधिग्रहीत जमीन पर कब्जा करने वालों के खिलाफ धूमनगंज थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई है। कार्रवाई में बीआई प्रवेंद्र जायसवाल, सुपरवाइजर महेश प्रसाद, रामअधार आदि शामिल थे।