इटारसी रेलवे स्टेशन पर रूट रिले इंटरलाकिंग (आरआरसी) में आग लगने से प्रभावित हुआ ट्रेनों का संचालन 34 दिन बाद मंगलवार को सामान्य हो गया। इससे अब मुंबई सहित दक्षिण भारत की ओर जाने वाली ट्रेनों के निरस्तीकरण का सिलसिला भी खत्म हो जाएगा। मंगलवार को दिन में 2.50 बजे इटारसी में आरआरसी ने काम शुरू कर दिया। रेलवे प्रशासन ने अगले दो-तीन दिन में ट्रेनों का संचालन पूरी तरह सामान्य होने का दावा किया है।
इटारसी रेलवे स्टेशन पर आरआरसी पैनल में 17 जून को आग लगी थी। इसकी वजह से महाराष्ट्र, दक्षिणी भारत सहित अन्य रूटों पर चलने वाली ट्रेनों का संचालन प्रभावित हो गया था। आरआरसी पैनल में आग लगने से सिगलन सिस्टम ध्वस्त हो गया था। इसकी वजह से कुछ ट्रेनें बदले रूट से चलाई जा रही थी, जबकि ज्यादातर ट्रेनें लगातार निरस्त होती रहीं। इसके साथ इटारसी स्टेशन से प्रतिदिन 35 ट्रेनें मैनुअल ऑपरेट कर निकाली जा रही थीं। इटारसी स्टेशन से होकर 5016 ट्रेनें गुजरती हैं। आरआरसी पैनल में आग लगने के बाद 2404 ट्रेनें निरस्त की गईं और 17 को आंशिक रूप से रद्द किया गया। इसके अलावा 259 ट्रेनों का रूट बदला गया।
रेलवे प्रशासन आरआरसी पैनल की मरम्मत का काम लगातार करा रहा था। 34 दिन चले काम के बाद मंगलवार को दिन में 2.50 बजे आरआरसी पैनल ने पूरी तरह काम करना शुरू कर दिया। रेलवे प्रशासन ने बताया कि 23 जुलाई को मुंबई और दक्षिणी भारत की ओर जाने वाली 11 ट्रेनें निरस्त रहेंगी। इसके बाद दो-तीन दिन में ट्रेनों का संचालन पूरी तरह सामान्य हो जाएगा।