इलाहाबाद विश्वविद्यालय की एलएलबी तीन वर्षीय परीक्षा में पहले दिन ही 31 नकलची पकड़े गए। इलाहाबाद डिग्री कालेज में एक छात्र मोबाइल के साथ पकड़ा गया। पिछले साल की सख्ती को देखते हुए इन्हें कम से कम एक साल के लिए डिबार करने की बात कही जा रही है।
विश्वविद्यालय की परीक्षाओं में पिछले साल से नकलचियों के पकड़े जाने की संख्या में अप्रत्याशित रूप से इजाफा हुआ। अप्रैल में संपन्न स्नातक की वार्षिक परीक्षा में तकरीबन एक हजार नकलची पकड़े गए थे। जबकि, पूर्व के वर्षों में यह संख्या साढ़े तीन सौ के करीब रही। सख्ती दिखाते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन ने इनमें से कई विद्यार्थियों को दो साल के लिए डिबार कर दिया है। सख्ती का यह आलम इस बार भी दिख रहा है।
विश्वविद्यालय के अफसरों के अनुसार विश्वविद्यालय तथा संघटक कालेजों में परीक्षा के दौरान शिक्षक कक्ष में मौजूद रहे। परीक्षा नियंत्रक प्रोफेसर एचएस उपाध्याय ने विश्वविद्यालय के अलावा सीएमपी और इलाहाबाद डिग्री कालेज का भ्रमण किया। सबसे अधिक सीएमपी डिग्री कालेज में 15 विद्यार्थी अनुचित साधन के साथ पकड़े गए। इलाहाबाद डिग्री कालेज में 13 नकलची पकड़े गए। एक छात्र मोबाइल के साथ भी पकड़ा गया। विश्वविद्यालय केंद्र में तीन विद्यार्थी नकल करते पकड़े गए।