ग्राम पंचायत चुनाव के चौथे चरण के तहत गंगापार के पांच ब्लॉकों में बुधवार को वोट पड़ेंगे। बहादुरपुर, धनूपुर, हंडिया, प्रतापपुर और सैदाबाद ब्लॉक में ग्राम प्रधान के कुल 465 पदों के लिए 4217 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। मतदान कराने के लिए मंगलवार शाम पोलिंग पार्टियां घने कोहरे के बीच ब्लॉक मुख्यालय से बूथों के लिए रवाना हो गईं। देर रात ज्यादातर पार्टियां बूथों पर पहुंच गईं। मतदान बुधवार सुबह सात बजे शुरू होगा और शाम साढ़े चार बजे तक चलेगा।
संवेदनशीलता की दृष्टि से चौथे चरण का चुनाव अफसरों के लिए सबसे अधिक चुनौतीपूर्ण है। इन ब्लॉकों में चुनावी हिंसा की आशंका हमेशा बनी रहती है। खास यह कि इन ब्लॉकों में प्रधानी के चुनाव में भी दिग्गजों की दखल रहती है। यही वजह है कि इन चौथे चरण में अतिसंवेदनशील प्लस की श्रेणी में सर्वाधिक 101 मतदान केंद्र शामिल किए गए हैं, जहां सीसी कैमरे लगाए जाने का निर्णय लिया गया है।
साथ ही पार्टी रवानगी, पार्टी वापसी, बैलेट बॉक्स को स्ट्रांग रूम में रखवाने और उसे सील करने की पूरी प्रक्रिया के वीडियोग्राफी के लिए 10 वीडियोग्राफर लगाए गए हैं। ग्राम प्रधान के साथ ग्राम पंचायत सदस्य पद के लिए भी चुनाव होना है। इनमें 3549 उम्मीदवार पहले ही निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए जा चुके हैं जबकि 1514 प्रत्याशी मैदान में हैं। बहादुरपुर ब्लॉक में 786, सैदाबाद में 698, धनूपुर में 745, हंडिया में 686 और प्रतापपुर में 634 प्रत्याशी ग्राम पंचायत सदस्य पद पर निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं। वहीं क्रमश: 586, 231, 259, 192 और 246 प्रत्याशियों के लिए इन ब्लॉकों में मतदान होना है। ग्राम प्रधान के चुनाव में केवल एक प्रत्याशी धनूपुर ब्लॉक में निर्विरोध निर्वाचित हुआ है।
चुनाव की संवेदनशीलता को देखते हुए अति संवेदनशील और संवेदनशील प्लस मतदान केंद्रों पर रूफ टॉप पुलिस की भी व्यवस्था की गयी है, जो छत से मतदान कार्य में बाधा डालने वालों पर कड़ी नजर रखेंगे। डीएम ने मतपेटिका लूटने, मतपेटिका में पानी डालने, मतपत्र फाड़ने वालों को सीधे गोली मारने के निर्देश दिए हैं। साथ ही जोनल मजिस्ट्रेटों, सेक्टर मजिस्ट्रेटों और सुपर जोनल मजिस्ट्रेटों को पुलिस अधिकारियों के साथ निरंतर भ्रमणशील रहने को कहा है। मतदान को स्वतंत्र, निष्पक्ष एंव पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए आठ सुपर जोन, 26 जोन और 128 सेक्टर बनाए गए हैं।