फूलपुर के देवली गांव में बुधवार रात बारात में आरकेस्ट्रा कार्यक्रम देखने गए पांचवीं के छात्र की पिकअप से कुचलकर मौत हो गई। छात्र आरकेस्ट्रा देखते-देखते वहीं पर रजाई ओढ़कर जमीन पर सो गया था। सुबह पिकअप चालक सामान लेकर जाने लगा तो जमीन पर सो रहे छात्र पर उसकी नजर नहीं पड़ी और चालक ने उसपर पिकअप चढ़ा दी। पिकअप छात्र क ो कुचलते हुए निकल गई। जानकारी होने पर छात्र के घरवाले उसे लेकर अस्पताल भागे लेकिन छात्र को बचाया नहीं जा सका। छात्र की मौत के बाद एसआरएन अस्पताल और घटनास्थल पर लोगों ने हंगामा भी किया।
फूलपुर में देवली गांव के धर्मराज दुबे किताब कारोबारी हैं। उनका बेटा इंद्रजीत दुबे (12) गांव के ही प्राथमिक स्कूल में पांचवीं का छात्र था। घर से कुछ दूर पर गांव में बारात में आई थी। जिसमें आरकेस्ट्रा भी था। इंद्रजीत रात में घर से आरकेस्ट्रा देखने चला गया। वह वहीं पर जमीन में आरकेस्ट्रा देखते-देखते सो गया। सोते समय ही इंद्रजीत पर किसी ने एक रजाई और डाल दी। बृहस्पतिवार सुबह पिकअप चालक सामान लेकर जाने लगा। तो जमीन पर रजाई ओढ़कर सो रहे इंद्रजीत क ी तरफ चालक की नजर ही नहीं गई। पिकअप चालक इंद्रजीत के ऊपर पिकअप चढ़ाते हुए निकल गया।
चीख पुकार मची तो आसपास के लोग पहुंचे। आनन-फानन में घायल इंद्रजीत को लेकर परिजन अस्पताल भागे। उधर इंद्रजीत के चाचा घनश्याम बारात स्थल पर पहुंचे। वह वहां घटना के बारे में पूछताछ करने लगे तो घर की महिलाओं ने पथराव कर दिया। काफी देर तक हंगामा चलता रहा। सूचना पाकर फूलपुर पुलिस पहुंची। पुलिस ने चालक के खिलाफ रिपोर्ट लिखकर मामला शांत कराया। उधर घायल इंद्रजीत को लेकर परिजन एसआरएन अस्पताल पहुंचे। अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बेटे की मौत से दु:खी धर्मराज ने अस्पताल के डॉक्टरों पर रुपये के अभाव में इलाज न करने और मारपीट का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया। हंगामे की जानकारी पाकर कई थानों की पुलिस भी पहुंच गई। तब मामला शांत हुआ। इंद्रजीत दो भाइयों और चार बहनों में बड़ा था। उसकी मौत से घर में कोहराम मचा रहा।