ग्राम पंचायत चुनाव के दूसरे चरण में भी जमकर बरसे वोट पर बवाल भी खूब हुआ। प्रतापगढ़ में 64.19 प्रतिशत मतदान हुआ। जिले के मानधाता इलाके में पुरैली बूथ पर फायरिंग और पथराव हो गया। गोली लगने से पांच लोग जख्मी हो गए, जबकि पथराव में दूसरे पक्ष के भी तीन लोगों को चोटें आईं। कौशाम्बी में चायल और नेवादा ब्लाक की 103 ग्रामसभा के 341 बूथों पर कुल 66.5 फीसदी मतदान हुआ। इलाहाबाद में 66.91 फीसदी वोट पड़े।
जिले के कौंधियारा, कौड़िहार, चाका, शंकरगढ़ और जसरा में जगह-जगह मारपीट, पथराव, चाकूबाजी, फायरिंग और लाठीचार्ज की घटनाएं होती रहीं। इसमें उपद्रवियों के साथ अफसरों को भी चोटेें आईं। सरकारी गाड़ियों के साथ भी तोड़फोड़ की गई।
प्रतापगढ़ में मारपीट, फायरिंग और पथराव के बीच 64.19 प्रतिशत मतदान हुआ। मानधाता इलाके में पुरैली बूथ पर दो पक्षों के बीच फायरिंग और पथराव हो गया। गोली लगने से एक पक्ष के पांच लोग जख्मी हो गए, जबकि पथराव में दूसरे पक्ष के भी तीन लोगों को चोटें आईं। मानधाता के ही मतदान केंद्र गुडरू में फर्जी वोटिंग को लेकर एक पक्ष ने पथराव करदूसरे पक्ष के भाजपा नेता सहित सात लोगों को घायल कर दिया। सदर के करनपुर में फर्जी वोटिंग को लेकर पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। इससे करीब घंटे भर मतदान बाधित रहा।
कौशाम्बी में चायल और नेवादा ब्लाक की 103 ग्रामसभा के 341 बूथों पर कुल 66.5 फीसदी मतदान हुआ। चायल ब्लाक के निजामपुर पुरैनी, शेखपुर रसूलपुर, जलालपुर साना, इब्राहीमपुर झपिया, दुर्गापुर, महमूदपुर, नेवादा ब्लाक के जरैनी, सुरसेनी आदि बूथों पर फर्जी वोटिंग, मतदाता सूची में गड़बड़ी आदि को लेकर हंगामा, मारपीट और पत्थरबाजी की घटनाएं भी हुईं। सबसे ज्यादा बवाल चायल के शेखपुर रसूलपुर और निजामपुर पुरैनी बूथ पर देखने को मिला। जहां उपद्रवी पुलिस से भी भिड़ गए। निजामपुर पुरैनी बूथ पर तो मारपीट, पत्थरबाजी की घटना में एक सिपाही भी घायल हो गया। पुलिस ने लाठी लेकर उपद्रवियों को खदेड़ा। कई उपद्रवियों को पुलिस ने हिरासत में भी लिया।
इलाहाबाद में बारा के ललई गांव में मतदान को लेकर दो पक्ष आपस में भिड़ गए तो पुलिस को लाठियां भांजनी पड़ीं। मौके पर एसडीएम बारा पुलिस के साथ पहुंचीं तो ग्रामीणों ने एसडीएम और पुलिस टीम पर पथराव कर दिया। इसमें एसडीएम सहित कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। बाद में डीएम, एसएसपी भी मौके पर पहुंचे। नाराज ग्रामीणों ने अफसरों की गाड़ियों को भी पत्थरों से कूंच डाला। मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया। वहीं, शंकरगढ़ के नौढ़िया उपरहार गांव में फर्जी वोटिंग को लेकर लोगों ने संबंधित ग्राम पंचायत अधिकारी को बंधक बना लिया। चाका ब्लॉक के अरैल में दो प्रत्याशी आपस में भिड़ गए। पथराव और मारपीट शुरू हुई तो पुलिस को लाठियां भांजनी पड़ीं। एसएसपी ने भी उपद्रवियों पर लाठी बरसाईं। चाका के ही लवायन इलाके में एक प्रत्याशी के समर्थकों ने माहौल बिगाड़ने के लिए फायरिंग कर दी लेकिन पुलिस ने उन्हें खदेड़ दिया।
कौंधियारा के सेमरी गांव में मतदान केंद्र के पास बस्ता लगाने से रोकने पर एक प्रत्याशी के पति और उसके कुछ समर्थकों ने एसआई एवं अन्य पुलिस कर्मियों को कई थप्पड़ जड़ दिए। बवाल की सूचना पाकर मौके पर फोर्स के साथ पहुंचे एएसपी गणेश और तहसीलदार करछना मोहन लाल गुप्ता पर भी प्रत्याशी के पति एवं उसके समर्थकों ने पत्थर बरसाने शुरू का दिए। पुलिस ने लाठीचार्ज किया तो उपद्रवी भाग खड़े हुए। बाद में पुलिस ने प्रत्याशी के घर छापा मारकर उसके पति समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया। जसरा के अमरेहा गांव में मतदान के दौरान दो प्रत्याशियों के बीच जमकर मारपीट हुई।
पुलिस ने लाठीचार्ज किया तो मामला शांत हो गया लेकिन मतदान पूरा होने के बाद दोनों पक्ष फिर भिड़ गए। दोंनो तरफ से पत्थर चले और जमकर चाकूबाजी हुई। घटना में आधा दर्जन लोग घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए पुलिस ने भर्ती कराया। दोनों पक्षों की तरफ से एक-दूसरे के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के लिए तहरीर दी गई है। उधर, कौड़िहार ब्लॉक के गनीपुर गांव में दो प्रत्याशियों के बीच जमकर मारपीट हुई, जिसमें एक युवक का सिर फट गया। कौड़िहार के ही करहेंदा, पीपल गांव में भी बवाल हुआ। विरोध में लोगों पीपल गांव पुलिस चौकी का घेराव और जमकर हंगामा किया।