सहसों बाजार चौराहे के पास सोमवार सुबह बेकाबू ट्रक ने बाइक से सड़क पर गिरी शिक्षिका को कुचल दिया। शिक्षिका की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में शिक्षिका का पति और चार साल की बेटी बाल-बाल बच गए। आसपास के लोगों ने पीछा भाग रहे चालक को ट्रक समेत पकड़ लिया। हादसे की खबर घर पहुंची तो कोहराम मच गया।
फूलपुर में मैलहन गांव के अनिल कुमार चौधरी फूलपुर के जनता इंटर कॉलेज रूदापुर में शिक्षक हैं। उनकी पत्नी आशा (35) फूलपुर के कुतुबपुर प्राथमिक विद्यालय में शिक्षिका थीं। वे परिवार के साथ झूंसी में किराए पर रहते थे। अनिल रोजाना पत्नी को छोड़ते हुए स्कूल जाते थे। सोमवार सुबह अनिल पत्नी आशा और चार साल की बेटी के साथ बाइक से स्कूल जा रहे थे। सहसों चौराहे से आगे बढ़ने पर सड़क पर गिट्टी होने के चलते अनिल की बाइक अनियंत्रित हो गई।
जिसके चलते आशा सड़क पर और गोद में बैठी बेटी छिटक कर दूर जा गिरी। तभी पीछे से फूलपुर की ओर जा रही बेकाबू ट्रक को आशा को कुचलते हुए निकल गई। ट्रक के पहिया के नीचे आने से आशा की कुचलकर मौत हो गई। हादसे में आशा की बेटी प्रीती और अनिल बाल-बाल बच गए। उन्हें खरोंच तक नहीं आई। सुबह के समय हुए हादसे के बाद भीड़ जुट गई। सड़क पर जाम लग गया। लोगों ने पीछा कर भाग रहे ट्रक चालक राकेश कुमार को पकड़ लिया।
पत्नी की मौत से अनिल कुमार का रोकर बुरा हाल था। आशा के मौत की खबर घर पहुंची तो कोहराम मच गया। आशा के तीन बच्चे हैं। बड़ा बेटा अमन और दो बेटियां खुशी और प्रीती हैं। मां की मौत से अमन और खुशी का रोकर बुरा हाल है। जबकि प्रीती इस बात से अंजान है कि उसकी मां अब दुनिया में नहीं रही। अनिल बच्चों को सीने से लगाकर बिलख रहे थे। उनका रोकर बुरा हाल है। सरायइनायत पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर हिरासत में ले लिया गया है।