शहर के शिवकुटी इलाके में बाइक सवार बदमाशों ने अंग्रेजी शराब क ी दुकान के सेल्समैन को तमंचे की बट से लहूलुहान कर उसके पास मौजूद 70 हजार रुपये लूट लिए। खून से लथपथ सेल्समैन शिवकुटी थाने पहुंचा तो पुलिस ने बदमाशों की तलाश में देररात तक घेरेबंदी की। लेकिन सफलता नहीं मिली। घटना रविवार देर रात की है। शिवकुटी पुलिस रिपोर्ट लिखकर जांच कर रही है।
गोविंदपुर स्थित अंग्रेजी शराब की दुकान पर रामजी साहू सेल्समैन है। वह रात में दुकान बंदकर बाइक से दारागंज में बक्शीबांध अपने घर जा रहा था। उसके साथ उसका साथी मनीष अग्रवाल भी था। वे शिवकुटी थाने से आगे बढ़े थे कि उनके पीछे दो बाइक से चार बदमाश लग गए। ओल्ड कैंट एरिया स्थित कैंटीन के पास बदमाशों ने ओवरटेक करके रामजी साहू को रोक लिया। बाइक से उतरते ही बदमाशों ने तमंचा निकाल लिया और धमकी देते हुए नगदी मांगने लगे।
विरोध करने पर बदमाशों ने रामजी और मनीष को तमंचे की बट से मारकर लहूलुहान कर दिया। बदमाश नगदी से भरा बैग लूटकर बैंक रोड की ओर भाग निकले। बैग में 70 हजार रुपये होने की बात बताई जा रही है। बदमाशों के जाने के बाद रामजी साथी के साथ शिवकुटी थाने पहुंचा। पुलिस ने घायलों से पूछताछ के बाद बदमाशों की तलाश में घेरेबंदी की लेकिन सफलता नहीं मिली। जिस ढंग से वारदात को अंजाम दिया गया। उससे साफ है कि बदमाश कई दिनों से रामजी साहू की रेकी कर रहे थे। रविवार का दिन होने के चलते बिक्री अधिक होती है। जिसके चलते नगदी भी अधिक रहती है। शिवकुटी एसओ अरविंद तिवारी का कहना है कि मुकदमा लिखकर जांच की जा रही है।