फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

विवि में योगी के कार्यक्रम का तेज हुआ विरोध

Thu, 19 Nov 2015 12:21 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो, इलाहाबाद
विज्ञापन
विज्ञापन
इलाहाबाद (ब्यूरो)। इलाहाबाद विश्वविद्यालय छात्रसंघ की ओर से 20 नवंबर को प्रस्तावित सांसद योगी आदित्य नाथ के कार्यक्रम का विरोध तेज हो गया है। बुधवार को अलग-अलग छात्र संगठनों की हुई बैठकों में आदित्य नाथ के आगमन के विरोध की घोषणा की गई। इस विरोध को देखते हुए परिसर में तनाव भी बढ़ गया है।
विज्ञापन


एबीवीपी के बैनर तले विजयी चार पदाधिकारियों की ओर से छात्रसंघ उद्घाटन समारोह की घोषणा की गई है। खास यह कि अध्यक्ष ऋचा सिंह के विरोध के बावजूद कार्यक्रम होने जा रहा है। ऋचा के नेतृत्व में इस कार्यक्रम के विरोध की घोषणा की गई है। समाजवादी छात्रसभा की बुधवार को हुई बैठक में भी आदित्य नाथ के कार्यक्रम का विरोध किया गया। छात्र नेताओं ने आदित्य नाथ को विवादित व्यक्ति बताते हुए परिसर में न घुसने देने की घोषणा की।

 बैठक में अखिलेश गुप्ता, राघवेंद्र यादव, जिया कौनेन  रिजवी, डीपी यादव, अजीत विधायक, फैसल मंसूर आदि मौजूद रहे। आइसा की बैठक में भी कार्यक्रम का विरोध किया गया। संगठन की ओर से कार्यक्रम रद्द करने की मांग का ज्ञापन विश्वविद्यालय प्रशासन को सौंपा गया। ज्ञापन सौंपने वालों में सुनील मौर्या, शालू यादव, सुभाष कुशवाहा आदि शामिल रहे। एनएसयूआई की बैठक में आदित्य नाथ को काला झंडा दिखाने की घोषणा की गई। बैठक में विवेकानंद पाठक, गौरव त्रिपाठी, अनुराग राय, मानस शर्मा, आदित्य राय आदि मौजूद रहे।
विज्ञापन


प्रतियोगी छात्र मोर्चा की बैठक में डॉ.राजेश सिंह, सुरेश यादव आदि का कहना था कि इस विवाद से उनका कोई सरोकार नहीं है। उन्होंने संविधान विद सुभाष कश्यप का कार्यक्रम कराने के सुझाव भी दिए। छात्र नेता विकास तिवारी, शरद त्रिपाठी, सुधांशू सिंह आदि ने भी सांसद को काला झंडा दिखाने की घोषणा की है। अजमल माबूद, नवाब महबूब, अभिनव, अंकित आदि ने भी विरोध की घोषणा की है। प्रगतिशील स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया से जुड़े छात्रों अंबुज मौर्य, सत्येंद्र यादव, उमेश कुशवाहा, स्टूडेंट्स इस्लामिक ऑर्गेनाइजेशन ऑफ इंडिया के आरिज इलियास अल्वी, जनवादी छात्रसभा के सुनील यादव, नवलेश, शिवम यादव, एआईएमआईएम के अफसर महमूद आदि ने भी आदित्य नाथ के कार्यक्रम के विरोध की घोषणा की है।

 इलाहाबाद विश्वविद्यालय छात्रसंघ के पूर्व पदाधिकारी भी आदित्य नाथ के कार्यक्रम के विरोध में आ गए हैं। बुधवार को हुई बैठक में पूर्व अध्यक्ष विनोद चंद्र दुबे का कहना था कि निर्वाचित अध्यक्ष की अवहेलना करके इस तरह का आयोजन दुर्भाग्यपूर्ण है। ऐसा विश्वविद्यालय के इतिहास में पहली बार हो रहा है। केके राय ने परिसर में मौजूदा तनाव और टकराव के लिए कुलपति तथा विश्वविद्यालय प्रशासन को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि छात्रसंघ के उद्घाटन का हक राजनेता, समाज वैज्ञानिक या विशिष्ट पूरा छात्र को है।

पूर्व पदाधिकारियों ने विश्वविद्यालय और जिला प्रशासन से कार्यक्रम रद्द करने की मांग की। बैठक में कृष्ण मूर्ति सिंह यादव, लाल बहादुर सिंह, संजय तिवारी, हेमंत कुमार टुन्नू, अभय अवस्थी, रघुनाथ द्विवेदी, सुरेश यादव, डॉ.श्रीनारायण सिंह यादव, सुधीर सिंह आदि मौजूद रहे। आल इंडिया लायर्स यूनियन की बैठक में भी आदित्य नाथ को बुलाने का विरोध किया गया। यूनियन के सदस्यों का कहना था कि इससे तनाव बढ़ेगा। बैठक में आशुतोष कुमार तिवारी, वाईएम मिश्रा, राजवेंद्र सिंह, इंद्रसेन सिंह आदि मौजूद रहे।

अध्यक्ष तथा अन्य छात्र संगठनों की ओर से विरोध के बीच इलाहाबाद विश्वविद्यालय छात्रसंघ के उद्घाटन समारोह की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। बुधवार को ही आयोजन स्थल पर टेंट आदि लगने लगे थे। मैदान से घास की भी सफाई की गई। एबीवीपी की ओर से समारोह के संबंध में प्रचार भी किया गया। जगह-जगह होर्डिंग्स लगा दिए गए हैं। छात्र नेता राणा यशवंत प्रताप सिंह ने बताया कि आदित्य नाथ से वार्ता हो गई है। वह गोरखपुर से सीधे यहां आएंगे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें