इलाहाबाद। जार्जटाउन में मालवीय रोड पर दीपावली के दिन बेटे के साथ स्कूटी से घर लौट रही महिला से छिनैती कर भागे बाइक सवार बदमाशों को पुलिस ने घेरेबंदी कर दबोच लिया। पकड़े गए बदमाशों के पास से लूट का माल भी बरामद हुआ है।
नैनी के रहने वाले सुमित मुखर्जी बुधवार रात अपनी मां के साथ स्कूटी से सिविल लाइंस एक रिश्तेदार के घर आए थे। रात में वह मां के साथ घर लौट रहे थे। रास्ते में केपी कम्युनिटी के पास बाइक सवार बदमाशों ने चलती बाइक पर सुमित को धक्का दे दिया और पीछे बैठी सुमित की मां का पर्स छीनकर भागे। सुमित और उनकी मां लड़खड़ा कर स्कूटी समेत सड़क पर गिरे।
शोर सुनकर आसपास के लोग दौड़े। सूचना पर जार्जटाउन पुलिस ने घेरेबंदी की। मालवीय रोड पर जार्जटाउन पुलिस ने घेरेबंदी कर बाइक सवार दो युवकों को पकड़ लिया। तलाशी में उनके पास सुमित की मां का पर्स, रकम और मोबाइल बरामद हुआ। पूछताछ में लुटेरों ने बताया कि वे करेली के रहने वाले हैं। पकड़े गए बदमाशों में एक मो. हुमैद है। वह दसवीं तक पढ़ने के बाद पढ़ाई छोड़ चुका है। जबकि दूसरा अमन सिद्दीकी है। वह शहर के एक बड़े अंग्रेजी स्कूल में दसवीं का छात्र है। एसओ जार्जटाउन दीपक पांडेय ने बताया कि पकड़े गए लुटेरे बालिग है। वे पहले भी छिनैती की कई वारदात शामिल रहे हैं। पकड़े गए बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट लिखकर जेल भेज दिया गया है।