फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बैंक के कैशियर को पिस्टल सटाकर 10 लाख की लूट

Tue, 10 Nov 2015 01:15 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो, इलाहाबाद
विज्ञापन
विज्ञापन
जगतपुर (इलाहाबाद)। उतरांव इलाके में सोमवार दोपहर बाइक सवार बदमाशों ने इलाहाबाद बैंक के कैशियर से दस लाख रुपये लूट लिए। वह इलाहाबाद बैंक की हंडिया शाखा से यह रकम लेकर बाइक पर दामाद के साथ उतरांव में दमगढ़ा शाखा जा रहे थे. तभी रास्ते में लुटेरों ने ओवरटेक कर रोकने के बाद वारदात अंजाम दी। कैशियर के दामाद के चेहरे पर पिस्टल से वार किया जिससे उसे चोट पहुंची।
विज्ञापन


 एक व्यक्ति चीख-पुकार सुनकर उधर आया तो बदमाशों ने उसे भी पिस्टल दिखाकर धमकाया। करीब आधे घंटे बाद खबर पाकर पुलिस पहुंची मगर लुटेरों का सुराग नहीं मिला।
सरायममरेज में उदापुर गांव निवासी छविनाथ यादव इलाहाबाद बैंक की दमगढ़ा उतरांव शाखा में कैशियर है। उसने मुलनापुर गांव में रहने वाले अपने दामाद राजकुमार यादव को भी बैंक में दैनिक वेतन पर काम पर लगा रखा है। सोमवार सुबह साढ़े दस बजे वह दामाद के साथ बाइक पर हंडिया शाखा गया। वहां से दस लाख रुपये लेकर वे दोनों दमगढ़ा शाखा के लिए रवाना हो गए। बाइक दामाद राजकुमार चला रहा था जबकि कैशियर छविनाथ पीछे नगदी भरा बैग लेकर बैठे थे। वे दोनों बैंक से करीब दो किलोमीटर पहले घाटमपुर गांव के निकट पहुंचे तभी पीछे से हीरो पैशन बाइक सवार तीन बदमाशों ने ओवरटेक गाड़ी रोक ली।
विज्ञापन


 दो बदमाशों ने कैशियर के हाथ से नगदी भरा बैग छीनने की कोशिश की और विरोध पर दामाद राजकुमार के चेहरे पर पिस्टल से वार कर दिया। राजकुमार की आंख के पास जख्म हुआ। राजकुमार और कैशियर छविनाथ बाइक समेत सड़क पर गिरे तो बदमाशों ने दस लाख रुपये से भरा बैग छीन लिया। उनके मोबाइल फोन भी लूट लिए। छविनाथ की चीख सुनकर ग्रामीण दिनेश यादव भागकर उधर आया तो बदमाशों ने उस पर भी पिस्टल तान दी। दिनेश घबराकर पीछे हटे तो बदमाश बैग लेकर बाइक पर हंडिया की तरफ भाग गए।

यहां से वे दोनों दमगढ़ा स्थित बैंक पहुंचे और मैनेजर एचएन राय को दस लाख रुपये लूट की जानकारी दी। मैनेजर ने फौरन कंट्रोल रूम और उतरांव पुलिस को खबर दी। थानाध्यक्ष गरभू सिंह यादव ने आकर कैशियर और उसके दामाद से पूछताछ की। फिर दोनों को घटनास्थल पर ले जाकर लूट के बारे में जानकारी ली। इलाहाबाद बैंक के अधिकारी और एसपी गंगापार दिगंबर कुशवाहा भी वहां पहुंचे। उन्होंने घटना के चश्मदीद दिनेश यादव से भी पूछताछ की। पुलिस ने देर रात तक काफी कोशिश की लेकिन फिलहाल दस लाख के लुटेरों का कोई भी क्लू नहीं मिल सका है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें