परीक्षा केंद्रों पर अव्यवस्था, ट्रेन लेट होने और पर्चा लीक होने से भड़के लेखपाल भर्ती परीक्षा के अभ्यर्थियों ने रविवार को कौशाम्बी में जमकर बवाल किया। अथसराय स्टेशन पर उपद्रवियों ने तूफान एक्सप्रेस को रोककर चार घंटे से अधिक समय तक दिल्ली-हावड़ा रेलमार्ग बाधित रखा। वहीं सुजातपुर स्टेशन में आग लगा दी। मुरी एक्सप्रेस में भी तोड़फोड़, लूटपाट की। इस ट्रेन के पैंट्री कार से उपद्रवियों ने 2.80 लाख रुपये और खाने का सामान भी लूट लिया। अभ्यर्थियों का उत्पात मूरतगंज के सिकंदरपुर बजहा केंद्र में भी हुआ। पर्चा लीक होने से गुस्साए परीक्षार्थियों ने स्कूल में तोड़फोड़ के साथ हाईवे जाम कर दिया। एक बस में भी आग लगा दी।
पुलिस के लाठीचार्ज करने पर उपद्रवियों को ट्रैक और सड़क से हटाया। लाठीचार्ज और पथराव से कई छात्र भी जख्मी हुए। ट्रैक जाम करने और सुजातपुर स्टेशन पर आगजनी, लूट की सूचना पर आईजी रेलवे समेत अन्य अफसर पहुंचे। आईजी रेलवे एलवी एन्टॉनी देवकुमार ने पूरे प्रकरण की बारीकी से जांच कराकर उपद्रवियों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही है।
लेखपाल भर्ती के लिए रविवार को परीक्षा थी। कौशाम्बी में 16850 परीक्षार्थियों के लिए 26 स्कूलों को केंद्र बनाए गए थे। परीक्षा देने के लिए बस, ट्रेनों से परीक्षार्थी विभिन्न जिलों से आए। इस दौरान हावड़ा से श्रीगंगानगर जा रही तूफान एक्सप्रेस सुबह 10.26 बजे जैसे ही अथसराय स्टेशन पहुंची। ट्रेन लेट होने से परीक्षार्थियों का गुस्सा फूट पड़ा। अथसराय स्टेशन पर ट्रेन रोककर परीक्षार्थी उत्पात करने लगे।
ट्रैक पर सीमेंट का स्लीपर रखकर दिल्ली-हावड़ा रेलमार्ग जाम कर दिया। सुरक्षाकर्मियों के विरोध करने पर परीक्षार्थी उनसे भिड़ गए। स्टेशन पर तोड़फोड़ शुरू कर दी। सूचना पर पहुंचे डीएम, एसपी उपद्रवियों को शांत कराने का प्रयास करते रहे लेकिन वे नहीं माने। आखिर में करीब चार घंटे बाद पुलिस ने लाठीचार्ज करके रेल ट्रैक खाली कराया। परीक्षार्थियों ने सिराथू-भरवारी के बीच सुजातपुर स्टेशन पर भी जमकर उत्पात किया अटसराय स्टेशन पर बवाल के कारण रूट जाम होने से मुरी एक्सप्रेस को यहां रोक दिए जाने से भड़के परीक्षार्थी सीधे स्टेशन मास्टर से भिड़ गए। हाथापाई से बचते हुए स्टेशन मास्टर और अन्य कर्मी स्टेशन छोड़कर भागे, तो गुस्साए परीक्षार्थियों ने स्टेशन में आग लगा दी। ट्रेन में भी तोड़फोड़ के साथ पैंट्रीकार में लूटपाट की।
पैंट्री कार संचालक के मुताबिक उपद्रवियों ने 2.80 लाख रुपये के अलावा खाने-पीने का सारा सामान लूट लिया। यहां भी करीब चार घंटे चला बवाल पुलिस के लाठीचार्ज पर ही समाप्त हुआ। आगजनी से स्टेशन के सारे अभिलेख जल गए है। उधर, कोखराज थाना क्षेत्र के परीक्षाकेंद्र सिकंदरपुर बजहा स्कूल में भी पर्चा लीक होने की खबर से परीक्षार्थियों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित युवकों ने स्कूल में जमकर तोड़फोड़ की। करीब घंटेभर तक स्कूल में तांडव मचाने के बाद उपद्रवी सड़क पर आ गए। उन्होंने दिल्ली-कानपुर हाईवे जाम कर दिया। इस दौरान इलाहाबाद से कानपुर जा रही जीरो रोड डिपो की एक बस में भी आग लगा दी। पुलिस ने घंटेभर की मशक्कत के बाद उपद्रवियों को खदेड़कर हाईवे पर आवागमन बहाल कराया।
अथसराय रेलवे स्टेशन के आउटर पर चक्काजाम के दौरान आंदोलनकारी छात्रों के साथ ही तूफान एक्सप्रेस के यात्री भी भूख-प्यास से करीब चार घंटे तक बेहाल रहे। बता दें कि कौशाम्बी के सिराथू तहसील क्षेत्र के अथसराय रेलवे स्टेशन पर जहां छात्रों ने ट्रेन रोक रखी थी, वहां पानी तक का कोई इंतजाम नहीं था। आंदोलन के दौरान प्रदर्शनकारी छात्रों ने भी पुलिस वालों से कई बार पानी की मांग की।