एमएलसी चुनाव में बृहस्पतिवार को जमकर वोट बरसे। इलाहाबाद-कौशाम्बी स्थानीय प्राधिकारी के चुनाव में कुल 97.68 फीसदी मतदान हुआ। मतदान के दौरान चाका सहित कुछ ब्लॉकों में छिटपुट झड़पें भी हुईं लेकिन सुरक्षा बलों की तैनाती और सख्ती के कारण मामला शांत हो गया। मतदान के लिए कुल 30 मतदेय स्थल बनाए गए थे, जिनमें 22 इलाहाबाद और आठ कौशाम्बी में रहे। छह मार्च को तहसील सदर के सभागार में मतगणना होगी, जिसमें तीनों प्रत्याशियों की किस्मत का पिटारा खुलेगा। वोटों की गिनती सुबह आठ बजे से शुरू होगी। बृहस्पतिवार अपराह्न चार बजे मतदान पूरा होने के बाद देर शाम तक सभी बैलेट बॉक्स तहसील सदर परिसर स्थित स्ट्रांग रूम में कड़ी सुरक्षा के बीच रखवा दिए गए।
स्थानीय प्राधिकारी चुनाव में सपा से वासुदेव यादव, भाजपा से रईस चंद्र शुक्ला और निर्दल प्रत्याशी चंद्र दत्त किस्मत आजमा रहे हैं। चुनाव में इलाहाबाद स्थित 22 मतदेय स्थलों में कुल 3311 मतदाता पंजीकृत थे। जिनमें से 97.86 फीसदी वोटरों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। वहीं, कौशाम्बी के आठ मतदेय स्थलों पर 1132 वोटों में से 97.17 फीसदी मत पड़े। ऐसे में इलाहाबाद एवं कौशाम्बी में कुल 97.68 फीसदी वोट पड़े। सर्वाधिक 100 फीसदी मतदान इलाहाबाद के मऊआइमा ब्लॉक कार्यालय में हुआ। शहरी क्षेत्र में दो मतदेय स्थल बनाए गए थे। इनमें नगर निगम और जिला पंचायत कार्यालय शामिल हैं। नगर निगम मतदेय स्थल पर कुल 101 मतदाता पंजीकृत थे, जिनमें से 91 वोटरों (90.10 फीसदी) ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया, वहीं जिला पंचायत मतदेय स्थल पर पंजीकृत 91 वोटों में में 88 (96.70 फीसदी) मत पड़े।
इसके अलावा सोरांव में 98.21 फीसदी, कौड़िहार में 95.90, होलागढ़ में 97.64, फूलपुर में 97.86, बहादुरपुर में 97.26, बहरिया में 98.25 फीसदी, हंडिया में 98.08, सैदाबाद में 98.16, प्रतापपुर में 95.45, धनूपुर में 98.15, करछना में 98.11, कौंधियारा में 98.05, जसरा में 99.10, चाका में 99.24, शंकरगढ़ में 99.22, मेजा में 99.17, मांडा में 99.33, उरुवा में 98.52 और कोरांव विकास खंड मतदेय स्थल पर 99.10 फीसदी मतदान हुआ। मतदान के दौरान चाका में हंगामा हुआ। आईडी के बावजूद वोटरों को रोक जाने पर भाजपा नेता सुबोध सिंह पुलिस से उलझ गए और पार्टी कार्यकर्ताओं ने वहां हंगामा कर दिया। बाद में अफसरों के हस्तक्षेप पर आईडी देखकर वोटरों को मतदेय स्थल पर प्रवेश की अनुमति दी गई तो मामला शांत हुआ। मतदान के दौरान कमिश्नर राजन शुक्ला, डीआईजी जितेंद्र कुमार शाही, डीएम संजय कुमार और एसएसपी केएल इमैनुएल मतदेय स्थलों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे।