अगर आप सोच रहे हैं कि भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) के साथ जुड़कर अपने कॅरियर को नया आयाम दें तो ऐसी संभावनाओं से इत्तेफाक मत रखिए। शहर में साई की गतिविधियां बहुत ही सीमित रह गईं हैं। वह केवल चयन ट्रायल कराने तक सीमित रह गया है। इस बार चयन ट्रायल भी तीन खेलों के लिए ही हुआ। उसका तीस खिलाड़ियों का हॉस्टल पहले से बंद हो गया है। जॉर्ज टाउन स्थित क्षेत्रीय केंद्र को छात्रावास के लिए भवन की तलाश है।
साई पिछले वर्षों में यहां पर एथलेटिक्स, बैडमिंटन, हॉकी, टेबल टेनिस सहित एक-दो खेलों में खिलाड़ियों के चयन के लिए ट्रायल आयोजित करता था, जिसके जरिए उसके खिलाड़ी चयनित होते थे। चयनित खिलाड़ियों को वह अमिताभ बच्चन स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, मदन मोहन मालवीय और इलाहाबाद विश्वविद्यालय के साइंस फैकल्टी मैदान पर प्रशिक्षित करता है। पिछले दिनों टेबल टेनिस के कोच एवं क्षेत्रीय कार्यालय के प्रभारी अशोक कुमार का स्थानांतरण हो गया। इससे इस बार टेबल टेनिस का ट्रायल भी नहीं हुआ।
इस बार केवल एथलेटिक्स, बैडमिंटन और हॉकी के खिलाड़ियों के चयन के लिए ट्रायल आयोजित किया गया। ट्रायल के बाद अंतिम चयन के लिए सूची को साई के मुख्यालय दिल्ली भेजा गया है। साई के क्षेत्रीय कार्यालय प्रभारी गायत्री कनौजिया ने कहा कि अंतिम सूची मार्च में आएगी।सूची में चयनित खिलाड़ियों को यहां पर मौजूद प्रशिक्षकों की ओर से प्रशिक्षित किया जाएगा। साई के प्रशिक्षण के लिए कोई अपना मैदान नहीं है। उसके पास हॉस्टल नहीं है। जार्ज टाउन स्थित उसके कार्यालय के पीछे पहले तीस छात्रों का छात्रावास था लेकिन कुछ दिनों पहले उसके मानक पर खरे न उतरने से उसे बंद करा दिया गया। अब साई के पास उसके खिलाड़ियों के लिए छात्रावास नहीं रह गया है। साई की नई क्षेत्रीय प्रभारी गायत्री कनौजिया कहती हैं कि वह खिलाड़ियों के लिए छात्रावास की तलाश कर रही हैं। छात्रावास की व्यवस्था होने से खिलाड़ियों के लिए आसान हो जाएगा।