उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की ओर से मंगलवार को घोषित लोअर सबऑर्डिनेट-2015 प्रारंभिक परीक्षा के परिणाम को लेकर अभ्यर्थियों में नाराजगी है। इसमें धांधली का आरोप लगाते हुए प्रतियोगियों ने बुधवार को आयोग के चेयरमैन का पुतला दहन किया। बृहस्पतिवार को संशोधित उत्तर कुंजी जारी करने की मांग को लेकर प्रतियोगियों का आयोज पर जमावड़ा होगा।
आयोग ने लोअर सबऑर्डिनट प्रारंभिक परीक्षा का रिजल्ट बिना संशोधित उत्तर कुंजी जारी किए ही घोषित कर दिया। जबकि, आयोग का फैसला है कि संशोधित आंसर की जारी करने के बाद ही परिणाम घोषित किया जाएगा। प्रतियोगियों का यह भी कहना था कि घोषित होने के कुछ देर बाद ही रिजल्ट आयोग की वेबसाइट से हटा लिया गया था। हालांकि बाद में रिजल्ट वेबसाइट पर अपलोड कर दिया गया।
भ्रष्टाचार मुक्ति मोर्चा के बैनर तले इलाहाबाद विश्वविद्यालय पर जुटे प्रतियोगियों ने रिजल्ट में गड़बड़ी का भी आरोप लगाया। उन्होंने अध्यक्ष का पुतला दहन किया। पुतला दहन करने वालों में कौशल सिंह, अनिल उपाध्याय, प्रशांत सिंह आदि शामिल रहे। प्रतियोगी छात्र संघर्ष समिति की ओर से एक सप्ताह के भीतर संशोधित उत्तर कुंजी जारी करने की मांग को लेकर बृहस्पतिवार को दिन में 11 बजे आयोग पर जमावड़ा की घोषणा की गई है। उनकी ओर से आयोग में ज्ञापन भी सौंपा जाएगा। उन्हाेंने इसे लेकर कोर्ट में याचिका दाखिल करने की भी घोषणा की है।