इलाहाबाद विश्वविद्यालय के जीएन झा हॉस्टल में बुधवार को कार्रवाई के बाद अवैध कब्जा जमाए 50 लोगों को बाहर किया गया। गौर करने वाली बात यह भी रही कि वर्षों से विवाद और तनाव का कारण रहे दोनों कमरे भी खाली करा दिए गए। उनमें वैध छात्रों को कब्जा भी दिला दिया गया। इनके अलावा 22 अन्य छात्रों को मौके पर कब्जा दिलाया गया। 26 कमरों मेें नए सिरे से एलॉटमेंट की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
विश्वविद्यालय के छात्रावासों से अवैध लोगों को बाहर करने की दूसरे चरण की कार्रवाई बुधवार को शुरू हुई। जीएन झा में रेड हमेशा से चुनौती रही है। विरोध के बाद पिछले साल शिक्षकों और फोर्स को वापस होना पड़ा था। वार्डेन और अधीक्षक ने इस्तीफा भी दे दिया था। इसके अलावा दो कमराें में वर्षों से कब्जा था। इसको लेकर काफी विवाद रहा। ऐसे में रेड के दौरान वहां भारी फोर्स मौजूद रही। यही वजह रहा कि कार्रवाई के दौरान पूर्व की तरह विरोध नहीं हुआ। चीफ प्रॉक्टर प्रोफेसर एनके शुक्ला ने बताया कि बृहस्पतिवार को कार्य परिषद की बैठक है। इसलिए अब शुक्रवार को रेड डाली जाएगी।