कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने के लिए सोमवार की शाम इलाहाबाद संग्रहालय की 16 कला वीथिकाओं समेत प्रयागराज और कौशांबी में स्थित एएसआई के स्मारकों को भी बंद करने का निर्णय ले लिया गया। संस्कृति मंत्रालय के निर्देश के बाद संग्रहालय निदेशक सुनील गुप्ता ने इसकी पुष्टि की। इसके अलावा खुसरो बाग व गड़वा किला को भी 31 मार्च तक बंद रखने का निर्देश जारी किया गया है। आनंद भवन और स्वराज भवन संग्रहालय में पर्यटकों के प्रवेश पर रोक लगाने के लिए मंगलवार को निर्णय लिए जाने के संकेत मिले हैं।
संग्रहालय की पेंटिंग, मूर्ति कला समेत अन्य कला दीर्घाओं में मंगलवार से पर्यटकों, छात्र समूहों और कला प्रेमियों का प्रवेश स्थगित रहेगा। निदेशक ने बताया कि केंद्रीय संस्कृति मंत्री प्रह्लाद पटेल के निर्देश पर यह कदम उठाया गया है। इस संग्रहालय की सात कला वीथिकाएं बंद रहेंगी। प्रवेश के लिए टिकटों की बिक्री पर रोक लगा दी गई है।
इसी तरह भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण(एएसआई) के अधीन स्मारकों को भी बंद रखने का निर्देश जारी कर दिया गया। एएसआई प्रयागराज उप मंडल के प्रभारी संरक्षण सहायक पंकज त्रिपाठी ने बताया कि मंगलवार की सुबह से खुसरो बाग के अलावा शंकरगढ़ में स्थित पंचकोणीय प्रस्तर परकोटे वाले गढ़वा किला में भी पर्यटकों व आम लोगों का प्रवेश बंद कर दिया जाएगा। कौशांबी में स्थित आशोका पिलर और घोसिता राम स्मारक में पर्यटकों का प्रवेश स्थगित कर दिया गया है।
आनंद भवन परिसर स्थित बाल भवन और तारामंडल को 22 मार्च तक के लिए बंद कर दिया गया है। जवाहर लाल नेहरू स्मारक निधि के प्रशासक डॉ रवि किरन ने इसकी पुष्टि की। उन्होंने बताया कि कोरोना वायरस के संक्रमण से बचने के लिए एहतियातन यह निर्णय लिया गया है। आनंद भवन और स्वराज भवन को बंद रखने के संबंध में मंगलवार को निर्णय लिया जाएगा।
एनसीजेडसीसी में चालू माह के अंत तक के निर्धारित सभी कार्यक्रम निरस्त कर दिए गए हैं। यह जानकारी निदेशक इंद्रजीत ग्रोवर ने दी। उन्होंने बताया कि इस दौरान महात्मा गांधी कला वीथिका में भी किसी तरह की प्रदर्शनी नहीं लगाई जाएगी।