कुंभ मेले के दौरान क्षमता से अधिक ट्रेनों के सुगम संचालन के लिए इलाहाबाद जंक्शन को इस बार सर्वश्रेष्ठ परिचालन की शील्ड का खिताब मिला है।
मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में शनिवार को आयोजित 64 वें रेल सप्ताह पुरस्कार में डीआरएम अमिताभ ने यह शील्ड इलाहाबाद जंक्शन के स्टेशन प्रबंधक राजाराम राजपूत को दी। इस दौरान जंक्शन और छिवकी को बेस्ट टिकट चेकिंग की भी शील्ड मिली। यह शील्ड संयुक्त रूप से सीआईटी डोरीलाल शर्मा, शीतला प्रसाद श्रीवास्तव, केबी काला आदि ने संयुक्त रूप से ली।
डीआरएम ऑफिस सभागार में आयोजित कार्यक्रम में बेहतर कार्य करने वाले कुल 13 अफसर एवं 180 रेलकर्मी सम्मानित किए गए। सम्मानित होने वालों में मंडल के पीआरओ सुनील कुमार गुप्ता, एसीएम पंकज त्रिपाठी आदि प्रमुख रूप से शामिल रहे। कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र एवं दो हजार रुपये नगद एवं अफसरों को प्रशस्ति पत्र, मेडल के साथ घड़ी दी गई। कार्यक्रम मेें सामान्य प्रशासन को एक, इंजीनियरिंग को दो, संकेत एवं दूरसंचार को दो, कार्मिक विभाग को एक ग्रुप अवार्ड एवं स्टेशन एवं कई अन्य विभाग को 32 शील्ड मिली।
इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। कार्यक्रम में महिला कल्याण संगठन की अध्यक्ष अंजू अमिताभ, सीनियर डीओएम मनु प्रकाश, सीनियर डीसीएम नवीन दीक्षित, सीनियर डीपीओ अभिषेक रंजन, सीनियर डीएससी अमरेश कुमार, पीके यादव, आरए जमाली, वीके गौतम, राखी गुप्ता, नुपुर अग्रवाल आदि मौजूद रहे।