चोरी की घटनाओं को रोकने में जिले की पुलिस पूरी तरह से फिसड्डी साबित हो रही है। रविवार रात चोरों ने जार्जटाउन और कैंट इलाके से लाखों के माल पर हाथ साफ कर दिया। सोमवार सुबह चोरी की जानकारी होने पर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस तहरीर लेकर जांच कर रही है।
कैंट के म्योराबाद गणेशनगर के रहने वाले अनुपम प्रियदर्शी वित्त एंव लेखा विभाग से डिप्टी डायरेक्टर के पद से रिटायर हुए हैं। वह तीन दिन पहले घर में ताला बंद कर परिवार समेत जबलपुर एक रिश्तेदार की शादी में चले गए। सोमवार सुबह वह घर लौटे तो घर का ताला टूटा हुआ था। अंदर कमरों में सामान बिखरा पड़ा था। चोर लगभग बीस हजार रुपये, लैपटॉप, लाखों की ज्वेलरी समेत लगभग आठ लाख का माल बटोर ले गए थे। चोरी की जानकारी पाकर इंस्पेक्टर कैंट महेंद्र सिंह देव पहुंचे। पुलिस रिपोर्ट लिखकर जांच कर रही है। वहीं अल्लापुर पानी टंकी के पास रहने वाले उदय प्रताप सिंचाई विभाग में ठेकेदार हैं। वह रविवार रात परिवार समेत शादी में गए थे। रात में लौट आए। सुबह उठे तो देखा कि कमरों का ताला टूटा हुआ। आलमारी और बक्शे खुले पड़े हैं। चोरी की सूचना पाकर जार्जटाउन पुलिस पहुंची। चोर पीछे से छत के रास्ते घर में दाखिल हुए थे। उदय के मुताबिक चोर दो लाख रुपये नगद और लगभग ढाई लाख रुपये का जेवर ले गए है। जार्जटाउन पुलिस मुकदमा लिखकर जांच कर चोरों की तलाश में लगी है।