नगर निगम की ओर से सोमवार को बहादुरगंज में प्रतिबंधित पॉलीथिन के खिलाफ अभियान के दौरान जमकर बवाल हुआ। पॉलीथिन के एक बडे़ कारोबारी के यहां छापा मारने से भड़के व्यापारियों ने निगम के अफसरों और कर्मचारियों को घेर लिया। इस दौरान जमे हंगामा किया गया। साथ कई कोतवाली पुलिस ने मामला शांत कराया। इस दौरान व्यापारी के गोदाम से भारी मात्रा में प्रतिबंधित पॉलीथिन जब्त की गई। निगम ने बहादुरगंज से कोठापार्चा और रामबाग तक अभियान चलाया।
जोनल अधिकारी शरदेंदु सिंह एवं शहरी मिशन प्रबंधक राजकुमार द्विवेदी के नेतृत्व में कोतवाली और कीडगंज थाने की पुलिस के साथ निगम का दस्ता दिन में बहादुरगंज पहुंचा। यहां सुलाकी चौराहा के पास गौरव प्लास्टिक में प्रतिबंधित पॉलीथिन की शिकायत थी। अफसरों ने वहां छापा मारा तो बेहद खतरनाक तकरीबन 20 किलोग्राम रंगीन पॉलीथिन बरामद हुई। पॉलिथिन जब्त करने के बाद अफसर एफआईआर दर्ज कराने के लिए दुकान के मालिक रामचंद्र जायसवाल को लेकर कोतवाली जाने लगे तो वहां जुटे प्लास्टिक एसोसिएशन के पदाधिकारियों और व्यापारियों ने उन्हें घेर लिया। इस दौरान रामचंद्र को छोड़ने के लिए काफी हंगामा हुआ। इस बीच रामचंद्र ने बीमारी का हवाला दिया। इसके बाद 10 हजार रुपये जुर्माना लेकर छोड़ा गया।
इसके पहले कोठापार्चा डाटपुल से रामबाग तक चले अभियान में कई दुकानों पर छापेमारी की गई। इस बीच करीब दस किलोग्राम प्रतिबंधित पॉलीथिन जब्त की गई। दुकानदारों से 45 सौ रुपये जुर्माना वसूला गया। कार्रवाई में सफाई निरीक्षक अरविंद कुमार, योगेंद्र विश्वकर्मा भी शामिल थे।