शाहगंज में समीरा होटल के पास गली में कूड़े के ढेर में कुरकुरे के पैकेट में पड़ा बम फट गया। सोमवार दोपहर हुए धमाके में एक छात्र गंभीर रूप से जख्मी हो गया। जबकि उसका साथी बाल-बाल बच गया। छात्र ने कुरकु रे समझ कर पैकेट उठाया था लेकिन जैसे ही पैकैट खोला, बम फट गया। धमाके में उसके दाहिने हाथ की तीन अंगुलियां उड़ गई हैं। जबकि आंख, पेट समेत शरीर के दूसरे हिस्सों में छर्रे धंसने से उसकी हालत गंभीर है। उसे एसआरएन अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
दायरा शाह अजमल के मोहम्मद सलीम पेटिंग का काम करते हैं। उनके तीन बेटे और बेटियों में शाहरुख (16) दौलत हुसैन इंटर कॉलेज में सातवीं का छात्र है। सोमवार दोपहर लगभग 12 बजे वह घर से निकला और एक दोस्त के साथ खेलने जा रहा था। दौलत हुसैन इंटर कॉलेज के पीछे गुड़िया तालाब को जाने वाली गली में कूड़े के ढेर में दीवार पर कुरकुरे का पैकेट था। शाहरुख ने पैकेट उठा लिया। जैसे ही पैकेट खोला, अंदर रखा बम जोरदार धमाके के साथ फट गया। बम की आवाज सुनकर मोहल्ले में खलबली मच गई। लोग घरों से बाहर निकल आए। आसपास के लोग पहुंचे तो शाहरुख खून से लथपथ तड़प रहा था। सूचना पर छात्र के घरवाले और शाहगंज पुलिस पहुंची। घायल छात्र को एसआरएन अस्पताल ले जाया गया। वहीं घटना के बाद शाहरुख का दोस्त इस कदर दहशत में आ गया कि घर ही नहीं गया। काफी देर बाद घर पहुंचा तो सदमे के चलते कुछ बोल पाने की स्थिति में नहीं था। शाहगंज पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस के मुताबिक देशी बम था, जिसमें पटाखे वाले बारूद का इस्तेमाल किया गया था।
कूड़े के ढेर में बम फटने की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी शहर में कई घटनाएं हो चुकी है लेकिन आजतक पुलिस ऐसे शरारती तत्वों को नहीं पकड़ पाई है। इससे पहले खुल्दाबाद में छत पर बम फटने से आधा दर्जन बच्चे घायल हो गए थे। इसके अलावा कोतवाली इलाके में बम से एक युवक घायल हुआ था। करेली इलाके में कूड़े रखा बम फटने की घटना हो चुकी है। धूमनगंज के नींवा इलाके में कूड़ा बिनने के चक्कर में कई बार ऐसा हादसा हो चुका है।