मुख्य न्यायाधीश ने किया वातानुकूलित कक्ष का लोकार्पण
प्रयागराज। प्रदेश भर के जिलों से इलाहाबाद हाईकोर्ट आने वाले वादकारियों को अब आश्रय के लिए यहां वहां भटकना नहीं होगा। हाईकोर्ट बार एसोसिएशन द्वारा संचालित फोटो आइटेंटीफिकेशन सेंटर में वादकारियों के लिए विश्रामकक्ष बनाया गया है। पूरी तरह से वातानुकूलित इस कक्ष का बृहस्पतिवार को मुख्य न्यायाधीश गोविंद माथुर ने उद्घाटन किया।
अभी तक हाईकोर्ट आने वाले वादकारियों के विश्राम के लिए कोई व्यवस्था नहीं थी। उनको वकीलों के चैंबरों, लॉज या होटल आदि में आश्रय लेना पड़ता था। विश्राम कक्ष बन जाने से लोगों को काफी सहूलियत होगी। यहां पर कैंटीन की भी सुविधा उपलब्ध कराई गई है, जिससे वादकारियों को भोजन और नाश्ते के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। उद्घाटन के मौके पर हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राकेश पांडेय, महासचिव जेबी सिंह, सभी उपाध्यक्षगण के अलावा संयुक्त सचिव प्रशासन प्रियदर्शी त्रिपाठी, आशुतोष पांडेय, सर्वेश कुमार दुबे, नीलम शुक्ला, सुरेंद्र नाथ मिश्र और कार्यकारिणी के सभी सदस्य मौजूद थे।
चतुर्थश्रेणी कर्मचारी संघ में सदस्यों की नियुक्ति
प्रयागराज। हाईकोर्ट चतुर्थश्रेणी कर्मचारी वेलफेयर एसोसिएशन में तीन नए कार्यकारिणी सदस्यों निगम सिंह यादव, नरेंद्र कुमार यादव और राकेश को कार्यकारिणी का सदस्य मनोनीत किया गया है। इस संबंध में एसोसिएशन के महासचिव देवेंद्र पाल सिंह की अध्यक्षता में एक बैठक बुलाई गई, जिसमें कामता प्रसाद मिश्र और रामबहादुर पाल राशिद जावेद, ताजउद्दीन, दयाशंकर सिंह आदि मौजूद थे।