इलाहाबाद। पूर्वोत्तर रेलवे के इलाहाबाद सिटी (रामबाग रेलवे स्टेशन) और झूंसी स्टेशन पर जल्द ही यात्रियों की सुविधा के लिए फुट ओवर ब्रिज का निर्माण शुरू होगा। शुक्रवार को रामबाग रेलवे स्टेशन का निरीक्षण करने के लिए वाराणसी मंडल के डीआरएम एसके कश्यप ने कहा कि फुट ओवर ब्रिज के साथ यहां यात्री सुविधा के मद्देनजर कई काम होने हैं। डीआरएम यहां मंडलीय अफसरों की टीम के साथ स्पेशल ट्रेन से दिन में तीन बजे के बाद पहुंचे थे। उन्होंने यहां अफसरों के साथ बैठक भी की।
इस दौरान हुई बातचीत में डीआरएम ने बताया कि रामबाग स्टेशन में एक और फुट ओवर ब्रिज (एफओबी) प्रस्तावित है। उन्होंने बताया कि इस एफओबी से स्टेशन के सभी प्लेटफार्म आपस में जोड़े जाएंगे। इसके अलावा झूंसी में भी एफओबी बनाना है। इसके टेंडर की प्रक्रिया चल रही है। रामबाग रेलवे कालोनी की बदहाली के सवाल पर डीआरएम ने कहा कि यह मामला उनके संज्ञान में है। अफसरों की टीम से निरीक्षण करवाकर जहां जो कमी है उसे दुरुस्त किया जाएगा।
इस दौरान प्लेटफार्म चार नंबर पर खानपान के स्टॉल न होने के बारे में उन्होंने कहा कि यात्रियों को कोई असुविधा न हो इसके लिए उचित कार्रवाई की जाएगी। डीआरएम ने स्टेशन के मलाकराज साइड टूटी बाउंड्रीवाल की मरम्मत का काम शीघ्र शुरू करवाने का भी आश्वासन दिया। इसके पूर्व डीआरएम ने स्पेशल ट्रेन से मंडुवाडीह से रामबाग स्टेशन तक के ट्रैक की जांच ट्रैक रिर्काडर के जरिए की। इलाहाबाद सिटी में हुए निरीक्षण के दौरान ट्रैफिक इंसपेक्टर भोला राम, स्टेशन प्रबंधक आरपी उपाध्याय एवं अन्य अफसर मौजूद रहे। डीआरएम शाम 4.30 बजे के आसपास स्पेशल ट्रेन से वाराणसी के लिए रवाना हो गए।