स्नातक अंतिम वर्ष की परीक्षाओं ने परास्नातक यानी पीजी में प्रवेश की प्रक्रिया फंसा दी है। इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि) ने पीजी प्रवेश परीक्षा का रिजल्ट जारी कर दिया है, लेकिन स्नातक अंतिम वर्ष की परीक्षा का परिणाम अभी घोषित नहीं हुआ है।
इसके साथ ही 19 नवंबर से प्रदेश भर में बीएड की संयुक्त प्रवेश परीक्षा में सफल हुए अभ्यर्थियों की काउंसलिंग भी शुरू होनी है। अगर स्नातक अंतिम वर्ष की प्रवेश परीक्षा का रिजल्ट वक्त रहते जारी नहीं हुआ तो बड़ी संख्या में अभ्यर्थी बीएड की काउंसलिंग से भी वंचित रह जाएंगे।
इविवि में पीजी प्रवेश परीक्षा का परिणाम जारी होने के बाद रिजल्ट अब संबंधित विभागों को भेजे जाएंगे और विभाग पीजी में प्रवेश के लिए कटऑफ जारी करेंगे। इविवि के साथ संघटक महाविद्यालयों में भी पीजी में प्रवेश होने हैं। लेकिन, प्रवेश की प्रक्रिया तभी शुरू की जा सकेगी जब स्नातक अंतिम वर्ष का रिजल्ट जारी कर दिया जाएगा। इसके अलावा 19 नवंबर से बीएड प्रवेश के लिए काउंसलिंग भी शुरू होनी है।
बीएड की संयुक्त प्रवेश परीक्षा में इविवि से भी स्नातक अंतिम वर्ष के छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में शामिल हुए था और इनमें से कई विद्यार्थी सफल भी हुए हैं, लेकिन उनके सामने सबसे बड़ी समस्या यही है कि जब तक स्नातक अंतिम वर्ष का रिजल्ट जारी नहीं हो जाता, तब तक वे काउंसलिंग में शामिल नहीं हो सकते हैं। इविवि के परीक्षा नियंत्रक प्रो. रामेंद्र सिंह का कहना है कि कॉपियों का मूल्यांकन चल रहा है, जल्द ही रिजल्ट जारी होगा।
राज्य विवि ने जारी किया स्नातक अंतिम वर्ष का रिजल्ट
प्रो. राजेंद्र सिंह (रज्जू भइया) राज्य विश्ववविद्यालय ने स्नातक अंतिम वर्ष का परिणाम जारी कर दिया है। इनमें बीए, बीएससी, बीकॉम के रिजल्ट शामिल हैं। ऐसे में राज्य विश्वविद्यालय के स्नातक अंतिम वर्ष के जो अभ्यर्थी बीएड प्रवेश परीक्षा में सफल हुए हैं, अब वे काउंसलिंग में शामिल हो सकेंगे। इसके साथ ही राज्य विवि के स्नातक अंतिम वर्ष के छात्र-छात्राओं ने इविवि की पीजी प्रवेश परीक्षा भी दी थी। अब वे पीजी प्रवेश की प्रक्रिया में भी शामिल हो सकेंगे।