महाकुंभ की तैयारियों में तेजी लाने और समय काम पूरा कराने के लिए लखनऊ के डीआरएम ने शुक्रवार को प्रयाग, प्रयागराज संगम और फाफामऊ स्टेशन पर हो रहे कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि कुछ काम अक्तूबर तक पूरे जाएंगे, जबकि बचे हुए कार्य नवंबर तक हर हाल में पूरे हो जाएंगे।
महाकुंभ के लिए शहर के सभी नौ स्टेशनों को तैयार किया जा रहा है। डीआरएम एसएम शर्मा ने शुक्रवार सुबह एनी बेसेंट स्कूल के पास लिए गए ब्लाॅक का निरीक्षण किया। यहां अंडरपास बन रहा है।
इसके बाद उन्होंने संगम स्टेशन पर तैयारी का जायजा लिया। बताया कि मुख्य स्नान पर्वों के दिन यह स्टेशन बंद रहेगा। उस दाैरान यात्रियों को प्रयाग से ट्रेनें मिलेंगी। संगम से प्रयाग तक रेल ट्रैक के दोनों ओर दीवार बनाई जा रही है।
प्रयाग स्टेशन के भवन निर्माण तेजी से चल रहा है। यहां दो स्थायी और दो अस्थायी बाड़े बनाए जा रहे हैं। नया प्लेटफाॅर्म नंबर-चार भी बन रहा है। वह आईईआरटी के गेट से थोड़ा पहले तक रहेगा। स्टेशन से निकासी दोनों ओर रहेगी।
आईईआरटी क्राॅसिंग और मजार तिराहा क्राॅसिंग के ऊपर ब्रिज का काम चल रहा है। शर्मा ने बताया कि मजार तिराहा ओवरब्रिज अक्तूबर में शुरू हो जाएगा, जबकि आईईआरटी का काम नवंबर तक पूरा होगा।
फाफामऊ स्टेशन पर भी काफी काम हो रहा है। उन्होंने बताया कि पिछले मेले के सापेक्ष तीन गुना व्यवस्था की गई है।पिछले मेले से माैनी अमावस्या पर प्रयाग से दो लाख टिकट बिके थे। इस बार उससे तीन गुना बिक्री के आसार हैं।
ट्रैक की सुरक्षा के लिए आरपीएफ और जीआरपी के अलावा कर्मचारियों की सक्रियता बढ़ा दी गई है। इसके अलावा ट्रैक के निकट के गांव वालों का भी इसमें सहयोग लिया जा रहा है। निरीक्षण के बाद उन्होंने मेला अधिकारी विजय किरण आनंद से मुलाकात की, फिर लखनऊ रवाना हो गए। संवाद