यमुना पार के खीरी में धान खरीद को लेकर बुधवार को कुछ लोगों ने केंद्र प्रभारी संजय सिंह से मारपीट की। केंद्र प्रभारी से मारपीट की सूचना मिलते ही खाद्य विभाग के तमाम अधिकारी एवं पुलिस मौके पर पहुंच गई। हालांकि तब तक वहां से मारपीट करने वाला पक्ष भाग चुके थे। बाद में धान क्रय केंद्र प्रभारी संजय सिंह विभागीय लोगों के साथ खीरी थाने पहुंचे और मारपीट करने वालों के खिलाफ उन्होंने एफआईआर दर्ज करवाई।
मौके की नजाकत को देखते हुए पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ रिपोर्ट भी दर्ज कर ली। उधर इस घटना के विरोध में उत्तर प्रदेश फूड एंड सिविल सप्लाइज/इंस्पेक्टर/आफीसर्स एसोसिएशन ने बृहस्पतिवार 31 दिसंबर से जिले के सभी धान क्रय केंद्र बंद रखने का निर्णय लिया है। बताया जा रहा है कि खीरी थाना क्षेत्र के गोबरा खौरिया गांव निवासी वरुण द्विवेदी की धान की तौल खीरी क्रय केंद्र पर होनी थी।
उन्हें नंबर दिलाने को लेकर कऊंदी निवासी अनुराग शुक्ला क्रय केंद्र पहुंचे। यहां केंद्र प्रभारी संजय सिंह से उनका विवाद हो गया। बात मारपीट तक पहुंच गई। इससे धान क्रय केंद्र में हड़कंप मच गया। सूचना पर खाद्य विभाग के अधिकारी एवं कई अन्य धान क्रय केंद्रों के प्रभारी मौके पर पहुंच गए। संजय सिंह विभागीय लोगों के साथ खीरी थाने पहुंचे और मारपीट करने वालों के खिलाफ लिखित तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने अनुराग शुक्ला और वरुण द्विवेदी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। वहीं लोगों ने क्रय केंद्र प्रभारी पर किसानों को परेशान करने का आरोप लगाया।
खीरी थानाध्यक्ष संतोष सिंह ने बताया कि नामजद दो आरोपियों में से एक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरे की तलाश जारी है। वहीं दूसरी ओर खीरी प्रभारी के साथ मारपीट की घटना को लेकर उत्तर प्रदेश फूड एंड सिविल सप्लाईज/इंस्पेक्टर/आफीसर्स एसोसिएशन, प्रयागराज मंडल के मंडलीय अध्यक्ष जेपी यादव और जिलाध्यक्ष डा. राकेश कुमार सिंह जिलाधिकारी और जिला खरीद अधिकारी को पत्र लिखकर 31 दिसंबर से सभी धान क्रय केंद्र बंद करने के बारे में बता दिया। कहा कि जिले में लगातार क्रय केंद्र प्रभारियों से मारपीट की घटना हो रही है। इसी वजह से संगठन ने 31 दिसंबर से सभी धान क्रय केंद्र पर धान खरीद बंद करने का निर्णय लिया है।
चार दिन पहले मांडा में भी हुई थी मारपीट, डीएम आज करेंगे बैठक
बुधवार को खीरी में धान क्रय केंद्र प्रभारी से मारपीट की घटना कोई नई बात नहीं है। चार दिन पहले मांडा में भी एक विपणन निरीक्षक से मारपीट की बात सामने आ चुकी है। इसके पूर्व दस दिन पहले लेड़ियारी में भी एक निरीक्षक ने क्षुब्ध होकर अपना मोबाइल ऑफ कर दिया और ड्यूटी से भी कहीं गायब हो गया। उसे लेकर जिला प्रशासन की ओर से उसके खिलाफ निलंबन की संस्तुति की गई है। वहीं दूसरी ओर जिलाधिकारी भानु चंद्र गोस्वामी ने बृहस्पवितार की सुबह दस बजे सभी केंद्र प्रभारियों की बैठक बुलाई है।