अब्दुला मस्जिद में पाए गए विदेशी नागरिकों को बृहस्पतिवार को कमला गेस्ट हाउस से हटाकर करेली स्थित महबूबा गेस्ट हाउस में शिफ्ट किया गया।
- फोटो : Prayagraj
- स्थानीय लोगों के विरोध के बाद जार्जटाउन स्थित कमला भवन से हटाए गए, अमर उजाला ने उठाया था मुद्दा
जार्जटाउन के कमला भवन गेस्ट हाउस में क्वारंटीन किए गए सात इंडोनेशियाई नागरिक समेत सभी 37 लोगों को करेली के मेहबूबा गेस्ट हाउस में शिफ्ट कर दिया गया है। स्थानीय लोगों की आपत्ति के बाद प्रशासन ने बृहस्पतिवार को यह कार्रवाई की। विदेशी नागरिकों को हटाने जाने के बाद कमला भवन तथा आसपास के इलाके को सैनिटाइज भी कराया गया।
शाहगंज थाना अंतर्गत स्थित मुसाफिर खाना से मंगलवार को विदेशी नागरिकों समेत 37 लोगों को पकड़ा गया था। इंडोनेशियाई नागरिक समेत कुल नौ लोग दिल्ली के निजामुद्दीन स्थित मरकज में हुए जमात में भी शामिल हुए थे। ऐसे में इन्हें कमला भवन में रखे जाने से आसपास के लोगों में भय तथा नाराजगी थी। गेस्ट हाउस से सटे संगम व्यू अपार्टमेंट के लोगों ने बुधवार को इसकी शिकायत डीएम तथा एडीएम सिटी से भी की। साथ ही इन्हें कहीं और शिफ्ट करने की मांग की थी।
सोसाइटी के अध्यक्ष किरन सिंह, बालेश्वर चतुर्वेदी आदि का कहना था कि यहां घनी आबादी है। इसके अलावा गेस्ट हाउस की बाउंड्री भी खुली है। इससे संक्रमण फैलने का खतरा है। लोगों की इस चिंता को अमर उजाला के बृहस्पतिवार के अंक में उठाया गया। इसके बाद प्रशासन की टीम सुबह वहां पहुंच गई। प्रशासन तथा स्वास्थ्य विभाग के टीम की निगरानी में सभी लोगों को पांच एंबुलेंस से करेली के मेहबूबा गेस्ट लाकर क्वारंटीन किया गया। इन्हें शिफ्ट करने के बाद नगर निगम की टीम ने कमला भवन तथा आसपास के क्षेत्र को सैनिटाइज किया। इसके अलावा संगम व्यू के लोगों ने भी पूरे अपार्टमेंट को सैनिटाइज किया। यह प्रक्रिया शाम तक होती रही।