धूमनगंज में 20 वर्षीय युवती को बहाने से बुलाकर सामूहिक दुष्कर्म के मामले में शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई हुई। अमर उजाला में खबर प्रकाशित होने के दूसरे ही दिन पुलिस की नींद टूटी और 24 घंटे के भीतर ही चारों आरोपी गिरफ्तार कर लिए गए। इन्हें शनिवार को जेल भेजा जाएगा।
ब्यूटीशियन का काम करने वाली खुल्दाबाद निवासी युवती को 6 सितंबर को बर्थडे पार्टी के बहाने बुलाकर उसका दोस्त अपने साथ ले गया। फिर अपने साथियों संग मिलकर उससे सामूहिक दुष्कर्म किया। 164 के बयान में पीड़िता ने पुलिस को चारों आरोपियों के नाम बताए।
आरोप है कि आसिफ उसे अपने साथ बुलाकर ले गया था। उसके साथियों में अमन उर्फ अब्दुल्लाह, सूफियान व शेबू शामिल थे। सूत्रों के मुताबिक, पुलिस ने मुखबिर की सटीक सूचना पर शुक्रवार को दो आरोपियों को झलवा व दो को चौफटका तिराहे से दबोच लिया। थाने लाकर उनसे पूछताछ की गई, जहां देर रात तक लिखापढ़ी चलती रही। हालांकि धूमनगंज पुलिस इस बारे में आधिकारिक रूप से कुछ बताने से इंकार करती रही।