जलकल विभाग के सभी ठेके निरस्त
नगर निगम कार्यकारिणी का फैसला, ठेका पद्धति से नहीं होंगे काम
सरकारी भवनों, 300 मीटर से अधिक क्षेत्रफल के भवनों पर रेन हार्वेस्टिंग सिस्टम लगेंगे
प्रयागराज। नगर निगम कार्यकारिणी ने जलकल विभाग के सभी ठेके तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिए हैं। विभाग में ठेका पद्धति पूरी तरह समाप्त करते हुए कुशल, अकुशल आउट सोर्सिंग कर्मचारियों की नियुक्ति डूडा के माध्यम से किए जाने का निर्णय लिया गया है।
महापौर अभिलाषा गुप्ता नंदी की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई जलकल विभाग के पुनरीक्षित बजट बैठक में आय-व्यय पर चर्चा की गई। जीएम रतन लाल को निर्देश दिए गए कि सरकारी भवनों और 300 मीटर से अधिक क्षेत्रफल में बने भवनों में रेन हार्वेस्टिंग सिस्टम लगवाएं। इसके लिए सर्वे और नोटिस की कार्रवाई की जाएगी।
बजट बैठक में जलकल में ठेका प्रथा समाप्त करने का निर्णय लिया गया। आउट सोर्सिंग कर्मचारियों की नियुक्ति सिर्फ डूडा के माध्यम से ही की जाएगी। सुरक्षा कर्मियों के रूप में पूर्व सैनिकों की तैनाती भी डूडा करेगा। सभी कर्मचारियों के परिचय पत्र अनिवार्य रूप से बनाए जाएंगे। कार्यकारिणी ने वसूली के विपरीत खर्च के बारे में विस्तृत ब्यौरा भी सदन पटल पर रखने का प्रस्ताव पारित किया है।
बैठक में नगर आयुक्त रवि रंजन, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी पीके मिश्रा, उपाध्यक्ष ओपी द्विवेदी, वरिष्ठ पार्षद कमलेश सिंह, अशोक सिंह, सत्येंद्र चोपड़ा, शिव कुमार, मिथिलेश सिंह, नीलम यादव, सुनीता श्रीवास्तव, अनिल कुशवाहा, अनीस अहमद आदि मौजूद रहे।
अपर नगर आयुक्त अमरेंद्र प्रशासनिक अधिकारी नियुक्त
जलकल विभाग में अराजकता की स्थिति को समाप्त करने, जनसुविधाएं बढ़ाने, नितिगत निर्णय लेने में जीएम के सहयोग के लिए अपर नगर आयुक्त अमरेंद्र वर्मा को प्रशासनिक अधिकारी नियुक्त किया गया। कार्यकारिणी के अनुमोदन पर नगर आयुक्त ने प्रस्ताव की पुष्टि की है। वित्तीय मामलों के लिए अपर के साथ मुख्य कर निर्धारण अधिकारी पीके मिश्रा, सीएओ की एक अन्य टीम भी गठित की गई है।
ट्यूबवेल के लिए 50 लाख, राजरूपपुर,
जगमल हाता में ट्यूबवेल रीबोर होंगे
कार्यकारिणी ने बजट में नए ट्यूबवेल स्थापना के लिए 50 लाख रुपये का प्रावधान किया है। वहीं मुंडेरा में कुशवाहा बस्ती में नए मिनी नलकूप, राजरूपपुर, जगमल के हाता में ट्यूबवेल रीबोर को मंजूरी दी गई है।
10 हजार से अधिक के बकाए
पर काटे जाएंगे पानी के कनेक्शन
जलकल विभाग की वसूली को बढ़ाने के लिए दस हजार रुपये से अधिक के बकाएदारों के पानी कनेक्शन अब काटे जाएंगे। जोनवार बकाएदारों की सूची तीन दिन में जारी कर वसूली की जाएगी। बकाया न देने वालों भवन स्वामियों के जल संयोजन विच्छेदित कर नोटिस जारी किया जाएगा।
यूनियन भवन, कर्मचारी
आवास खाली कराएंगे
पिछली कार्यकारिणी और निगम सदन के निर्णय के मुताबिक जलकल मुख्यालय में यूनियन भवन, नगर निगम का एक भवन खाली कराया जाएगा। साथ ही कर्मचारी आवासों में रह रहे अवैध कब्जेदारों को बेदखल करने की कार्रवाई की जाएगी। तीन दिन में अवैध कब्जेदारों की सूची तलब की गई है। सूची में आवंटन का वर्ष, पदनाम भी देना होगा। साथ ही जलकल की भूमि पर अवैध निर्माण कराकर रहने वालों की पत्रावली भी मांगी गई है। कुंभ से पहले तत्कालीन अपर नगर आयुक्त ऋतु सुहास ने मौके पर जाकर जांच की थी। उनकी रिपोर्ट पर अमल नहीं किया गया।
खास-खास निर्णय
मरम्मत कार्य के लिए हर जोन में एक
मिस्त्री, दो मजदूरों की नियुक्ति होगी
नगर निगम जलकल विभाग को
एक जेसबीबी देगा
त्योहारी पर जिन कर्मचारियों को विशेष
भत्ता दिया गया, उनकी सूची तलब