चंद्रशेखर आजाद पार्क में शनिवार को जिला प्रशासन की ओर से आयोजित कार्यक्रम में बैंड पर धुन बजाते पुलिस और आरएएफ के जवान।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, इलाहाबाद
चंद्रशेखर आजाद पार्क में एक बार फिर बैंड वादन की शुरुआत के साथ वर्षों पुरानी परंपरा जीवंत हुई। शनिवार की शाम जैसे ही पुलिस, पीएसी, आरएएफ और सेना के विशेष बैंड ने ‘गंगा तेरा पानी अमृत’ की धुन बजाई लोग रोमांचित हो उठें और समारोह स्थल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। बतौर मुख्य अतिथि इलाहाबाद उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति दिलीप गुप्ता ने कहा, बैंड वादन की परंपरा ऐतिहासिक है। पुरानी परंपरा शुरू होने से आजादी के दौर से भी जुड़ाव होगा। इससे पहले उन्होंने कार्यक्रम का उद्घाटन किया। मंडलायुक्त राजन शुक्ला ने कहा, पुरानी परंपरा से जुड़कर गौरव की अनुभूति होती है।
डीएम संजय कुमार ने कहा, ब्रिटिश काल में कानपुर, आगरा, मेरठ, इलाहाबाद में डिप्टी कमिश्नर की मौजूदगी में बैंड वादन की परंपरा शुरू की गई थी। आजादी के कुछ दिनों तक भी यह जारी रहा लेकिन बाद में बंद कर दिया गया। अब इसे एक बार फिर शुरू किया जा रहा है। शनिवार की शाम और रविवार को सूर्यास्त के आधे घंटे पहले बैंडवादन होगा और आधे घंटे तक चलेगा। जल्दी ही यहां ‘बटर फ्लाई पार्क’ भी स्थापित किया जाएगा, जो पूरे प्रदेश में अनोखा होगा। यह सुखद है कि चंद्रशेखर आजाद पार्क, जैसा पार्क लंदन और आस्ट्रेलिया में है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।