केंद्रीय कारागार नैनी के निरीक्षण के दौरान डीजी जेल पीसी मीणा ने हाई सिक्योरिटी सेल में बंद माफिया अतीक अहमद के बेटे अली से मुलाकात की। उन्होंने अली से बातचीत की। जेल सूत्रों के मुताबिक अली ने उन्हें यहां होने वाली असुविधाओं के बारे में बताया तथा जेल की किसी अन्य बैरक में शिफ्ट किए जाने की बात कही।
बता दें उमेश पाल हत्याकांड के बाद से अली यहां बंद है। इस हाई सिक्योरिटी सेल में अली के अलावा एक अन्य बंदी को ही रखा गया है। साथ ही सुरक्षा को देखते हुए यहां पर 24 घंटे जेल प्रशासन द्वारा निगाह रखी जाती है। बता दें कि बीते दिनों अली की बैरक से नकदी मिली थी। नकदी प्रकरण में डीजी जेल ने बताया कि मामले की जांच चल रही है। जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। मामले में सस्पेंड डिप्टी जेलर क्रांति देवी व हेड वार्डर संजय द्विवेदी के सवाल पर उन्होंने जांच की जाने की बात कही।
मीडिया से बनाई दूरी
डीजी जेल को पहले जिला जेल का निरीक्षण करना था। इसे लेकर वह जिला जेल के गेट पर पहुंचे। लेकिन वहां मौजूद मीडिया कर्मियों को देखकर वह केंद्रीय कारागार की ओर चले गए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने जेल अधिकारियों से मीडिया को सूचना दिए जाने के बारे में बातचीत की। साथ ही निरीक्षण के बाद बाहर निकलते ही वह अपनी कार में बैठकर जाने लगे। मीडिया कर्मियों द्वारा टोके जाने पर वह दो मिनट बातें करने के बाद चले गए।