इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि)
- फोटो : अमर उजाला
प्रयागराज। इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि) के संगीत विभाग के प्रो. साहित्य कुमार नाहर को राजा मान सिंह तोमर संगीत एवं कला विश्वविद्यालय का कुलपति नियुक्त किया गया है। अब तक विश्वविद्यालय के कई विभागों के शिक्षक अन्य विश्वविद्यालयों के कुलपति पद को सुशोभित कर चुके हैं।
भागलपुर के मिश्र घराने से जुड़े प्रो. नाहर के नाम से पहले ही कई उपलब्धियां हैं। प्रो. नाहर की गिनती शुरू से ही मेधावियों में होती रही। बीएससी, एलएलबी और एमए सितार के वह गोल्ड मेडलिस्ट रह चुके हैं। बचपन से ही संगीत में उनका रुझान रहा। उन्होंने संगीत की प्रारंभिक शिक्षा अपने गुरु पिता स्वर्गीय प्रो. प्रहलाद प्रसाद मिश्र से ली थी। प्रो. नाहर ने डीफिल और डीलिट की उपाधि हासिल करने के बाद 1981 से अध्यापन कार्य शुरू किया। वह इविवि में चार बार संगीत के विभागाध्यक्ष भी रह चुके हैं।
उन्हें संगीत के क्षेत्र में कई सम्मान मिल चुके हैं। उनके निर्देशन में 16 छात्रों ने पीएचडी की है। प्रो. नाहर ने इविवि के कुलपति पद पर नियुक्त होकर इविवि के नाम पर एक और सितारा जड़ दिया है। इससे पूर्व भी इविवि के कई शिक्षकों अन्य विश्वविद्यालय के कुलपति का पद मिल चुका है। इनमें प्रो. जीसी त्रिपाठी, प्रो. संगीता श्रीवास्तव, प्रो. राजाराम यादव, प्रो. पीयूष रंजन अग्रवाल, प्रो. अविनाश चंद पांडेय, प्रो. एमपी दुबे, प्रो.आरकेपी सिंह, प्रो. स्वतंत्र बाला शर्मा आदि के नाम शामिल हैं।