इलाहाबाद (ब्यूरो)। वैशाख शुक्ल पक्ष तृतीया मंगलवार को शहर के मंदिरों में धूमधाम से मनाई गई। पूजन अर्चन को श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। संगम सहित गंगा के विभिन्न तटों पर स्नान भी किया गया। त्रिवेणी एवं माधव पूजन कर सत्तू, जल भरा घड़ा, छाता, चप्पल आदि का दान किया गया। अखंड सौभाग्य की कामना से सुहागिनों ने शिव परिवार की विधिविधान से पूजा अर्चना की। शगुन के तौर पर सोने, चांदी के आभूषण खरीदे गए। अबूझ लग्न में सैकड़ों जोड़े विवाह बंधन में बंधे। मुंडन, छेदन, उपनयन के अलावा घर प्रवेश एवं भूमि पूजन का सिलसिला दिन भर चला।
दारागंज स्थित भगवान वेणी माधव मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान श्री हरि विष्णु का पंचामृत स्नान कराकर पीत वसन, पुष्प वंदन नैवेद्य एवं चने की दाल एवं तुलसी अर्पित किया। आचार्य पुरोहितों की देखरेख में विष्णु सहस्त्रनाम का पाठ हुआ। ‘ॐ नमो भगवते वासुदेवाय’ मंत्र से मंदिर परिसर गूंजता रहा। बंधवा स्थित लक्ष्मी नारायण मंदिर में सुबह से पूजा अर्चना के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा। शाम को विशेष शृंगार हुआ। सरस्वती घाट स्थित मनकामेश्वर मंदिर में भक्तों ने गंगाजल, दूध बेल पत्र फूल शहद, घी, मिसरी आदि से मनकामेश्वर महादेव का अभिषेक किया। ढोलक शंख मंजीरा, झांझ करतल के साथ अखंड नाम जप हुआ। शाम को लाल, सफेद गुलाब के फूलों से शृंगार आचार्य मनोज की देखरेख में हुआ।
बंधवा स्थित बड़े हनुमान मंदिर में निशान चढ़ाने वालों का तांता लगा। संगम स्नान कर गाजे-बाजे के साथ निशान लेकर श्रद्धालु मंदिर पहुंचे। विधिविधान से पूजा अर्चना कर निशान अर्पित किया। जयकारों से संगम क्षेत्र गूंजता रहा। मंदिर के बाहर दान करने वालों का जमावड़ा रहा। लोगों ने सत्तू, गुड़ राब, घड़ी पंखा चावल दाल नमक घी चीनी, साग फल जूता चप्पल के अलावा जल भरा पात्र दान किया।