पूर्व सीएम अखिलेश यादव के इलाहाबाद विश्वविद्यालय में प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर छात्रसंघ में दोफाड़ हो गई है। छात्रसंघ अध्यक्ष अवनीश यादव और महामंत्री निर्भय द्विवेदी आमने-सामने आ गए हैं। बृहस्पतिवार को छात्रसंघ भवन के बाहर एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने छात्रसंघ महामंत्री निर्भय द्विवेदी के नेतृत्व में पुतला फूंका तो समाजवादी छात्रसभा के कुछ कार्यकर्ताओं ने उन्हें रोकने की कोशिश की। दोनों के बीच धक्कामुक्की हो गई और नौबत मारपीट तक पहुुंच गई। हालांकि घटना के बाद समाजवादी छात्रसभा के जिलाध्यक्ष अखिलेश कुमार गुप्ता ने कहा कि धक्कामुक्की में समाजवादी छात्रसभा का कोई कार्यकर्ता शामिल नहीं था। यह घटना अखिलेश यादव के कार्यक्रम को निरस्त कराए जाने की साजिश है।
छात्रसंघ अध्यक्ष अवनीश यादव के आग्रह पर पूर्व सीएम अखिलेश यादव 14 फरवरी को इलाहाबाद विश्वविद्यालय में छात्रसंघ का उद्घाटन करने आ रहे हैं। छात्रसंघ अध्यक्ष समाजवादी छात्र सभा से जुड़े हुए हैं। वहीं, छात्रसंघ महामंत्री निर्भय द्विवेदी अखिलेश यादव के प्रस्तावित कार्यक्रम का विरोध कर रहे हैं। निर्भय एबीवीपी से जुड़े हुए हैं। बृहस्पतिवार को निर्भय के नेतृत्व में छात्रसंघ भवन के बाहर एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम के विरोध में अखिलेश यादव का पुतला फूंका। इस बीच वहां कुछ छात्र पहुंचे। उन्होंने एबीवीपी कार्यकर्ताओं का विरोध किया तो दोनों के बीच झड़प हो गई और धक्कामुक्की शुरू हो गई।
हालांकि सुरक्षा कर्मियों की मौजूदगी के कारण कुछ देर बाद मामला शांत हो गया। एबीवीपी के कार्यकर्ताओं का कहना है कि विरोध करने वाले समाजवादी छात्र सभा से जुड़े हैं। कार्यकर्ताओं ने जिला प्रशासन में ज्ञापन देकर कहा है कि अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग में अनिल यादव जैसे भ्रष्ट व्यक्ति को अध्यक्ष बनाकर बैठा दिया था। अनिल यादव ने प्रतियोगी छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ किया और भर्तियों में जमकर धांधली की। जिला प्रशासन से मांग की गई कि अखिलेश यादव को इलाहाबाद विश्वविद्यालय में प्रवेश करने से रोका जाए। पुतला फूंकने वालों में अमित तिवारी, उत्कर्ष ठाकुर, रुद्र पांडेय, भारत सिंह, अभिषेक तिवारी, आशीष पाल, संदीप पटेल आदि शामिल रहे।