अभिनय, गायन, गीत, निर्देशन के साथ ही इलाहाबादी कॉस्ट डायरेक्शन में भी अपनी धाक जमा ही रहे हैं। कर्मा बाजार नैनी के अजीत विश्वकर्मा कई धारावाहिकों और फिल्मों में कॉस्ट डायरेक्शन कर अपनी एक अलग पहचान बना चुके हैं। अजीत टीवी सीरियल्स कोड रेड, भंवर, पिया बसंती रे, तुम ऐसे ही रहना और फिल्म जिंदगी 50-50, अशोक चक्र, बदलापुर ब्वाइज, मिस सनदपुर हाजिर हो, कॉनपोर विला समेत कई पंजाबी, तेलगू फिल्मों में भी कॉस्ट डायरेक्शन कर चुके हैं।
एक कार्यक्रम के सिलसिले में इलाहाबाद पहुंचे अजीत विश्वकर्मा ने ‘अमर उजाला’ से बताया कि सात वर्ष पहले वह मुंबई अभिनेता ही बनने गए थे लेकिन उसमें सफलता नहीं मिली। माया नगरी में जीवन यापन करना काफी मुश्किल हो रहा था, ऐसे में उन्होेंने कॉस्ट डायरेक्शन की ओर से रुख किया।
इसमें उन्हें सफलता मिली और इसी में आगे बढ़ने का फैसला उन्होंने ले लिया। अजीत कहते हैं कि अभिनय के अलावा भी टीवी और फिल्म इंडस्ट्री में करियर बनाने के लिए विकल्पों की कमी नहीं हैं। युवाओं को इस ओर से भी ध्यान देना चाहिए। कहा कि इलाहाबाद में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। उनकी कोशिश है कि यहां के अच्छे कलाकारों को वह करियर बनाने के लिए प्लेटफार्म प्रदान कर सके। इसके लिए वह लोगों को संपर्क भी कर रहे हैं।