सफाई कर्मचारियों ने निकाला जुलूस।
- फोटो : अमर उजाला।
सफाई मजदूर एकता मंच संबद्ध ऐक्टू ने पत्थर गिरिजाघर सिविल से नगर निगम प्रयागराज तक जूलूस निकालकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी प्रतिनिधि को सौंपा। ऐक्टू के अध्यक्ष बलराम पटेल ने कहा कि सीएम योगी ने महाकुंभ में सेवा देने वाले सफाई कर्मियों को 10 हजार रुपये बोनस देने की घोषणा की थी, लेकिन अभी तक नहीं दिया गया है। न्यूनतम वेतन 18000 रुपये का भी पालन नहीं हो रहा है। कर्मचारियों को वेतनवृद्धि और प्रमोशन की सुविधा दी जानी चाहिए।
पटेल ने कहा कि उत्तर प्रदेश स्थानीय निकाय के अंतर्गत नगर निगम प्रयागराज में 2008 के बाद सीधी भर्ती नहीं हुई है। अधिकांश कार्मिकों के सेवानिवृत्त हो जाने के कारण लिपिकीय संवर्ग में प्रति लिपिक 3 से 5 पटल का कार्य संपादित जा रहा है। रिक्त पदों पर आरक्षण को नजर अंदाज करते हुए आउटसोर्सिंग से कर्मचारी रखे जा रहे हैं। आउटसोर्सिंग कर्मचारियों द्वारा गैर जिम्मेदाराना रवैया अपनाया जा रहा है। आउटसोर्सिंग कंप्यूटर ऑपरेटर द्वारा हाल ही में एक करोड़ 44 लाख रुपए का हाउस टैक्स का घोटाला किया गया है। चतुर्थ श्रेणी से तृतीय श्रेणी में पदोन्नति की प्रक्रिया को दिनांक-02 नवंबर 2023 को विभाग द्वारा पदोन्नति के लिए पत्र जारी किया गया था, लेकिन अभी तक पदोन्नति की कार्रवाई संपन्न नहीं कराई जा सकी जिससे कर्मचारियों में रोष व्याप्त है।
राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन में जो मांगें शामिल हैं उसमें सफाई कर्मचारी से सफाई नायक पद पर 50 प्रतिशत से अधिक पदों पर पदोन्नति किया जाए। नगर निगमों में रिक्त पदों पर नियमित सफाई कर्मचारियों की योग्यता एवं कार्य कुशलता के आधार पर रिक्त पदों पर समायोजन किया जाए। गृहकर वसूली, रिसीव डिस्पैच, जन्म मृत्यु पंजीकरण, सफाई नायक, लिपिक इत्यादि महत्वपूर्ण पदों पर आउटसोर्सिंग कर्मचारी न रखे जाएं आदि शामि है। इस मौके पर ऐक्टू प्रदेश सचिव अनिल वर्मा, संरक्षक राम सिया, प्रेमचंद, पूजा, अशोक, चंदन,राम अवतार आदि सफाई मजदूर शामिल रहे।