इलाहाबाद। बम्हरौली एयरपोर्ट से जल्द ही एयर बस 319 की सेवाएं शुरू हो सकेंगी। इस सेवा के शुरू होने में आ रही दिक्कतों को जल्द ही दूर कर सालों से एयरपोर्ट के उन्नयन की मांग पूरी होने की उम्मीद है। इसके बाद दिल्ली, मुंबई तथा देश के अन्य हिस्सों से आने वाले मुसाफिरों को खासी राहत मिलेगी।
राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी ने एयरपोर्ट के उन्नयन में आ रही समस्याओं को लेकर राज्यसभा में सवाल उठाया था। उन्होंने हवाला दिया था कि इलाहाबाद एक ऐतिहासिक महत्व का शहर है। हाईकोर्ट और संगम में बड़ी संख्या में लोग आते-जाते हैं। इसलिए एयर बस 319 की सेवा को जल्द शुरू किया जाए। जिससे लोगों को राहत मिल सके। इस पर एयरपोर्ट के कायाकल्प में एयरफोर्स की ओर से आ रही दिक्कतों पर रक्षा मंत्री मनोहर पर्रिकर से मिले थे। रक्षामंत्री ने पत्र के जरिए सांसद प्रमोद तिवारी को अवगत कराया कि 15 मई को टेंडर के आवेदन का एवार्ड होने के उपरांत काम शुरू हो जाएगा।