इलाहाबाद (ब्यूरो)। विकास प्राधिकरण अधिकारियों की हीलाहवाली से 74 अल्ट्रासाउंड केंद्रों की अनुमति का मामला अटका हुआ है। जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग से अनुमति से संबंधित रिपोर्ट तलब की हैै। उल्लेखनीय है कि शहर में 74 डॉक्टरों ने अल्ट्रासाउंड केंद्र संचालित करने की अनुमति मांगी है। स्वास्थ्य विभाग के साथ ही विकास प्राधिकरण प्रशासन से भी अनापत्ति प्रमाण पत्र जारी होना है। एडीए बोर्ड की बैठक में इन केंद्रों के संचालित करने की अनुमति भी दी जा चुकी है। लेकिन प्राधिकरण अधिकारियों की हीलाहवाली से अभी तक इन केंद्रों के संचालित करने की अनुमति नहीं मिल पाई है जिसका नुकसान न सिर्फ केंद्र संचालकों वरन मरीजों को भी भुगतना पड़ रहा है।
एसीएमओ डॉ. जेएलएम कुशवाहा ने बताया कि केंद्रों की अनुमति का मामला लटका हुआ है। विकास प्राधिकरण प्रशासन की ओर से अनुमति नही मिलने से दिक्कतें आ रही है। अब इस संबंध में जिलाधिकारी ने रिपोर्ट तलब की है। डॉ. कुशवाहा का कहना है कि विकास प्राधिकरण से अनुमति मिलने से स्वास्थ्य विभाग से अनुमति प्रदान कर दी जाएगी। उल्लेखनीय है कि इन अल्ट्रासाउंड केंद्रों की अनुमति देने का मामला एएमए के पदाधिकारी व डॉक्टर कई बार मंडलायुक्त व जिलाधिकारी के साथ होने वाली बैठकों में कई बार उठा चुके हैं लेकिन अभी तक अनुमति नहीं मिल पाई है।