कचहरी के ठीक पहले चौराहे पर वायुसेना का एयरक्रॉफ्ट स्थापित किया जाएगा। पीडीए ने वायु सेना की मदद से इसे हैदराबाद से प्राप्त कर लिया है। एयरक्रॉफ्ट स्थापना के साथ ही उसके बारे में जानकारी देने वाला शिलापट भी लगाया जाएगा। वहीं नगर निगम 30 एयर बैलून हवा में छोड़कर जहां लोगों को स्वच्छता का संदेश देगा। वहीं कुंभ में आने वाले यात्रियों का स्वागत भी करेगा।
हैदराबाद से आए एयरक्राफ्ट के लिए चौराहे पर प्लेटफार्म तैयार करने का काम अंतिम चरण में है। रविवार को मौके पर पहुंचे एडीए वीसी भानुचंद्र गोस्वामी ने मातहतों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि हर चौराहे को अलग-अलग थीम पर सजाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि चौराहों पर लगी कलाकृतियां लोगों को रात में भी आकर्षित करें, इसके लिए विशेष रूप से मंगाई गई फसाड लाइटें लगाई जाएंगे। इसके लिए काम शुरू हो चुका है। इन रंग बदलती लाइटों में चौराहों का आकर्षण बढे़गा।
वहीं नगर विकास मंत्री के निर्देश पर महापौर अभिलाषा गुप्ता नंदी ने शहर के विभिन्न मोहल्लों में एयर बैलून उड़ाने का काम शुरू करा दिया है। रविवार को नगर निगम के स्वच्छता प्रभारी अपर नगर आयुक्त ऋतु सुहास ने अपनी मौजूदगी में सिविल लाइंस समेत चार स्थानों पर एयर बैलून हवा में उड़वाए। उन्होंने बताया कि एयर बैलून से स्वच्छता का संदेश देकर कुंभ में आए श्रद्धालुओं का स्वागत किया जाएगा।
नगर निगम ने कुंभ में देश प्रेम का जज्बा जगाने के उद्देश्य से फिलहाल चार स्थानों पर तिरंगा लहराने की योजना को मूर्तरूप देना शुरू कर दिया है। रविवार को चंद्रलोक चौराहे पर विशेष रूप से बनाए गए टावर पर तिरंगा शान से लहराया। निगम कर्मियों ने इसे ट्रायल बताया। नगर निगम ने पुराने शहर को चमकाने का काम आरंभ करा दिया गया है। कोठापार्चा में हेरिटेज लैंप लाइट लगाई गई हैं। कोठापार्चा को जगमग करने के बाद चौक तक ये एलईडी लैंप लाइट लगाने का काम किया जाएगा।