इलाहाबाद (ब्यूरो)। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की ओर से रविवार को आयोजित सहायक अभियोजन अधिकारी (एपीओ) प्रारंभिक परीक्षा के अभ्यर्थियों को काफी परेशानी उठानी पड़ी। यहां के अभ्यर्थियों को आगरा परीक्षा केंद्र बनाया गया था। इसकी वजह से उनकी काफी फजीहत हुई।
आयोग की ओर से इस परीक्षा के लिए प्रदेश में आगरा के अलावा मेरठ, इलाहाबाद और लखनऊ में केंद्र बनाए गए थे। छात्राओं का तो संबंधित या नजदीक के जिले में केंद्र बनाया गया था, लेकिन पुरुष अभ्यर्थियों को दूसरे जिलों में भेजा गया। यहां तथा आसपास के अभ्यर्थियों का सेंटर आगरा में था। जबकि, आयोग की पूर्व की परीक्षाओं में यहां के अभ्यर्थियों को लखनऊ और कानपुर भेजा जाता रहा है। पश्चिम उत्तर प्रदेश के अभ्यर्थियों का लखनऊ तथा इलाहाबाद में सेंटर बनाया गया था। इसका नतीजा रहा कि 37 फीसदी अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। परीक्षा में किसी तरह की गड़बड़ी की शिकायत नहीं है।
आयोग अध्यक्ष की नियुक्ति पर पर सुनवाई आज
इलाहाबाद (ब्यूरो)। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग के अध्यक्ष डॉ.अनिल यादव की नियुक्ति के खिलाफ हाईकोर्ट में दायर याचिका पर सोमवार को सुनवाई संभावित है। याचिकाकर्ता ने नियमविरुद्ध उनकी नियुक्ति का आरोप लगाया है। इसकी पहली सुनवाई में हाईकोर्ट ने सरकार से जवाब मांगा है, लेकिन पिछली तारीख पर सुनवाई नहीं हो सकी। अब सोमवार को फिर सुनवाई है। सुनवाई चीफ जस्टिस के यहां होनी है।