धरना खत्म कराने के लिए सक्रिय हुए अफसर
सीएए, एनआरसी और एनपीआर के विरोध में मंसूर अली पार्क में 52 दिनों से जारी धरने को होली से पहले खत्म कराने के लिए प्रशासन सक्रिय हो गया है। मंगलवार को पार्क में पहुंचे एडीएम सिटी और एसपी सिटी ने महिलाओं से धरना समाप्त करने की अपील की। इस दौरान उन्होंने अनुरोध के साथ सख्ती का भी संकेत दिया। इसके विपरीत महिलाएं पीछे हटने के लिए तैयार नहीं हैं। उन्होंने पार्क में होली मनाने और गुझिया बनाने की घोषणा की। इसके मद्देनजर उन्होंने सुरक्षा बढ़ाने की भी मांग की।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से प्रशासन को होली के मौके पर सौहार्द बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में सीएए के विरोध में शुरू धरने को भी खत्म कराने की कवायद तेज कर दी गई है। मंसूर अली पार्क में पहुंचे एडीएम सिटी अशोक कुमार कनौजिया और एसपी सिटी बृजेश श्रीवास्तव का कहना था कि होली का त्यौहार सामने है। प्रयागराज के लोगों ने ऐसे मौकों पर हमेशा सौहार्द का परिचय दिया है। एक बार फिर वैसा ही परिचय देने की आवश्यकता है। साथ ही उन्होंने कहा कि शहरियों की सुरक्षा प्रशासन की जिम्मेदारी है। अफसरों का यह भी कहना था कि दूसरे स्थान पर जारी धरना-प्रदर्शन के आधार पर यहां पर फैसले नहीं लिए जा सकते। यहां अलग से निर्णय लेना होगा। एडीएम सिटी ने बताया कि धरने में शामिल लोगों से अपील की गई है। वार्ता अभी खत्म नहीं हुई है। प्रयास लगातार जारी रहेगा। उम्मीद है वार्ता से समाधान निकल जाएगा।
उधर, महिलाएं धरना स्थल पर डटी रहीं। देर रात तक जुलूस भी पहुंचते रहे। महिलाओं का कहना था कि हमारा धरना शांतिपूर्वक चल रहा है। उन्होंने पार्क को दोनों तरफ से ब्लाक करने की मांग। उनका कहना था कि वैसे भी इस रोड पर रंग नहीं खेला जाता। धरने की अगुवाई कर रही सारा अहमद ने कहा कि हम सब मिल कर इसी मंसूर अली पार्क में सदभाव के साथ होली भी मनाएंगे। साथ में यहीं पर गुझिया और पापड़ बनेगा। महिलाओं ने मांग पूरी होने तक धरना जारी रखने की घोषणा की। धरने में शामिल फातिमा, नेहा, फिरदौस, इरशाद उल्ला, सै.मो.अस्करी, उमर खालिद, शोएब अंसारी, मोहम्मद साहब, अतीक इब्राहिम, अकलूर्रहमान आदि ने विचार रखे।