स्टेशनों के उत्तर रेलवे के प्रयाग जंक्शन, प्रयागराज संगम एवं पूर्वोत्तर रेलवे के प्रयागराज रामबाग और दारागंज रेलवे स्टेशन को उत्तर मध्य रेलवे में शामिल करने की प्रक्रिया के विरोध में रेलकर्मी उतर आए हैं। सोमवार को प्रयाग और प्रयागराज संगम पर रेलमंत्री पीयूष गोयल के इस निर्णय के खिलाफ रेलकर्मियों ने प्रदर्शन किया। इस दौरान स्टेशन परिसर में जुलूस भी निकाला गया।
प्रयाग और प्रयागराज संगम स्टेशन पर विलय के विरोध में नार्दन रेलवे मेंस यूनियन के बैनर तले रेलकर्मियों ने नारेबाजी की। इस दौरान जुलूस निकालकर रेलकर्मियों ने अपना विरोध दर्ज करवाया। कहा गया कि विलय की प्रक्रिया रुकवाई जाए। इस दौरान आरआर शुक्ला, आरके यादव, विजय मिश्र, एसएस सिंह, पीके उपाध्याय, एएम पाठक, एसके सिंह, यशवंत, शशिकांत, संजय कुमार, अनूप श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे। यूनियन नेता विजय मिश्र ने बताया कि सोमवार को एआईआरएफ महामंत्री शिवगोपाल मिश्र की ओर से भी विलय प्रक्रिया के विरोध में रेलमंत्री को पत्र भेजा गया है।