थाना क्षेत्र के झूंसी-सहसों मार्ग पर कटका गांव स्थित माफिया अतीक अहमद की संपत्ति पर खड़े कोल्ड स्टोरेज में तकरीबन दो माह तक चले ध्वस्तीकरण के बाद बृहस्पतिवार को कुर्की और सीलिंग की कार्रवाई की गई। राजस्व विभाग और झूंसी पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में कोल्ड स्टोरेज परिसर को कुर्क किया गया। कोल्ड स्टोरेज परिसर के गेट को बंदकर उस पर सरकारी ताला और मुहर लगा दिया गया। इस दौरान भारी पुलिस फोर्स मौके पर मौजूद रही। कार्रवाई से आसपास के लोग एक बार फिर सकते में थे।
prayagraj news : प्रयागराज में गिराई जा रही पूर्व सांसद अतीक अहमद की बिल्डिंग।
- फोटो : prayagraj
पूर्व सांसद अतीक अहमद की नाम-बेनामी संपत्ति में शामिल झूंसी के कोल्ड स्टोरेज को खाली कराने के बाद उसके ध्वस्तीकरण की कार्रवाई सितंबर माह में शुरू की गई थी। उक्त कोल्ड स्टोरेज अतीक की पत्नी शाइस्ता परवीन के नाम से था। ध्वस्तीकरण की कार्रवाई तकरीबन दो माह तक चली। इस दौरान कई जेसीबी और पोकलैंड कोल्ड स्टोरेज की तीन मंजिल बिल्डिंग को ढहाने में लगाए थे।
बुधवार को ध्वस्तीकरण की कार्रवाई पूरी हो गई थी। इस पर बृहस्पतिवार को कोल्ड स्टोरेज परिसर को कुर्क कर सील कर दिया गया। फूलपुर तहसील के तहसीलदार, नायब तहसीलदार के साथ ही झूंसी इंसपेक्टर पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और कुर्की के साथ सीलिंग की कार्रवाई की। कोल्ड स्टोरेज के गेट को बंदकर उस पर कुर्की के सरकारी आदेश को लिखकर सरकारी ताला और मुहर लगा दिया गया। कार्रवाई से इलाके के लोग एक बार फिर सकते में थे।