हंडिया (इलाहाबाद)। गंगापार के हंडिया इलाके में सोमवार रात पारिवारिक झगडे़ के दौरान एक व्यक्ति ने अपने बड़े भाई को गोली मार दी। बड़े भाई की मौत से घर में कोहराम मचा तो लोगों ने हमलावर भाई से तमंचा छीन लिया। वह घर से भाग गया। खबर पाकर हंडिया थाने की पुलिस आ गई।
डुबकी कला गांव निवासी प्रेमबहादुर सिंह (50) और उनके छोटे भाई जगदीश बहादुर सिंह का परिवार एक ही मकान में रहता है। सोमवार रात तकरीबन साढ़े नौ बजे दोनों भाइयों के बीच किसी बात पर कहासुनी के बाद मारपीट होने लगी। तभी तैश में आकर जगदीश बहादुर ने तमंचा लाकर बड़े भाई प्रेमबहादुर पर फायर कर दिया। गोली प्रेमबहादुर के सीने में धंसी। वह फर्श पर गिरा और कुछ ही पल में उसकी सांस थम गई। प्रेमबहादुर के कत्ल से कोहराम मच गया। परिजनों ने घेरकर जगदीश से तमंचा छीन लिया। वह परिवार के लोगों के बीच से निकलकर बाहर भाग गया। कुछ देर बाद सूचना पाकर हंडिया थाने की पुलिस वहां पहुंच गई। पुलिस ने तमंचा अपने कब्जे में लेकर घटना की जांच और जगदीश की तलाश शुरू की।