द्वारपूजा, जयमाल के बाद दुल्हन ने शादी से इनकार कर दिया। पहले तो दुल्हन को मनाने का प्रयास किया गया, लेकिन जब वह नहीं मानी तो बरात बैरंग लौट गई। मामले को लेकर काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही। गुरुवार सुबह तक मामले को लेकर दोनों पक्ष गेस्ट हाउस में ही पंचायत करते रहे। जब बात नहीं बनी तो दोनों पक्ष नैनी थाने पहुंचे और यहां समझौता कर लिया।
नैनी थाना क्षेत्र के चकदाऊद नगर निवासी युवक की शादी चाका निवासी युवती से तय हुई थी। युवक दिल्ली में एकाउंटेंट है। नौ माह पहले दोनों की सगाई हुई थी। बुधवार को मेवालाल की बगिया स्थित एक गेस्ट हाउस में शादी होनी थी।
रात करीब 11 बजे बरात पहुंची। द्वारपूजा और जयमाल के बाद दुल्हन ने शादी से इनकार कर दिया। पहले तो वर व कन्या पक्ष के लोगों ने दुल्हन को मनाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं मानी। दुल्हन का कहना था कि सगाई के बाद दूल्हे ने उससे कभी बात नहीं की।