प्रयागराज। जिला अधिवक्ता संघ की 18 सदस्यीय वार्षिक चुनाव की सभी तैयारियां पूरी कर ली गईं हैं। बृहस्पतिवार को सुबह नौ बजे से पांच बजे तक मतदान होगा। मतदान के लिए जिला जज कोर्ट के पूर्वी परिसर में बूथ बनाए गए हैं। मतपत्र देने के लिए 16 बूथ और 45 मतदान स्थल बनाए गए हैं। मतदाता पर्ची विकास भवन के पास कोषागार कार्यालय परिसर में बने दस काउंटर से दी जाएगी।
चुनाव शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए पुलिस और पैरामिलिट्री फोर्स का भी सहयोग लिया जा रहा है। प्रशासन के अधिकारी भी निगरानी करेंगे। प्रत्याशियों का प्रवेश जिला जज गेट से और निकासी सीजेएम कोर्ट की तरफ से होगी। मतदान के लिए अधिवक्ता सदस्यों को फुल ड्रेस में आना होगा और परिचय के लिए बार कौंसिल द्वारा जारी परिचयपत्र अथवा अधिवक्ता संघ का परिचयपत्र लाना होगा। इसके बिना मतदान करने की अनुमति नहीं होगी।
अधिवक्ता संघ के चुनाव में 3963 मतदाता है जिसमें 1022 आजीवन और 2937 सामान्य सदस्य है। संघ की कार्यकारिणी में अध्यक्ष, उपाघ्यक्ष के दो पद, मंत्री, संयुक्त मंत्री , कोषाध्यक्ष, लाईब्रेरियन और आडीटर पद के अलावा दस कार्यकारिणी सदस्यों के पदों पर चुनाव हो रहा है । कुल 107 प्रत्याशी चुनाव मैदान में है।
चार बूथ आजीवन सदस्य के लिए सुरक्षित होंगे। मतदान के बाद बूथों के पास रखे बैलेट बाक्स में मतपत्र डाले जाएंगे। फर्जी मतदान रोकने के लिए मतदान करने वालों की उंगली पर अमिट स्याही लगाई जाएगी। मतदान संपन्न कराने के लिए 150 अधिवक्ता सहयोगियों को लगाया गया है। मतदान के लिए एल्डर कमेटी, संघ के निवर्तमान पदाधिकारी और वरिष्ठ अधिवक्ता मतदान स्थल पर मौजूद रह कर निगरानी करेंगे। सूचनाओं का प्रसारण निगरानी के लिए बने मंच से किया जाएगा।
मतदान के लिए परिसर के बाहर का इंतजाम
कोषागार कार्यालय परिसर में मतदाता पर्ची दी जाएगी। मतदाता पर्ची के लिए 10 काउंटर बनाए गए है। प्रत्याशियों के कैंप विकास भवन के दक्षिण सड़क और कलेक्ट्रेट परिसर में बनाए जाने का निर्देश दिया गया है।
चुनाव के दौरान अधिवक्ताओं के अलावा सामान्य यातायात प्रतिबंधित रहेगा। शहर की ओर से आने वाले अधिवक्ता अपना वाहन चौरासी खंभा, उपभोक्ता फोरम, कलेक्ट्रेट परिसर, बहुमंजिला न्याय भवन परिसर में खड़ा कर सकते हैं। लक्ष्मी टाकीज और मम्फोर्डगंज की ओर से आने वाले अधिवक्ता पुलिस कार्यालय अथवा जगराम चौराहा के पास स्थित नए न्याय भवन परिसर अथवा अधिवक्ता संघ गेट से अन्दर दीवानी न्यायालय परिसर में वाहन खड़ा कर सकेंगे। एसएसपी कार्यालय के पश्चिम स्थित चौराहे के पास से जगराम की ओर जाने वाली सड़क के रास्ते पर बैरिकेडिंग रहेगी, यहीं तक प्रत्याशी अपना प्रचार कर सकें गे।
संघ की गरिमा का ध्यान रखें अधिवक्ता और प्रत्याशी
प्रयागराज। एल्डर कमेटी के सदस्य गंगा प्रसाद पांडेय, विनोद चन्द्र दुबे, राजेन्द्र श्रीवास्तव, केके मालवीय, कौशलेश कुमार सिंह संघ के अध्यक्ष उमाशंकर तिवारी, मंत्री मनोज सिंह लोकेश और कृष्ण चंद्र बऊ ने अधिवक्ता और प्रत्याशियों से अपील की है कि वे संघ की गरिमा का ध्यान रखते हुए आचरण करें और चुनाव में सहयोग करें। चुनाव अधिकारी दिलीप कुमार मिश्र ने कहा है कि छिटपुट बरसात होने से चुनाव बाधित नहीं होगा। सुरक्षा के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहेगा। पीने के पानी की व्यवस्था के लिए टैंकर मंगाए गए हैं।