प्रयागराज में हुई अधिवक्ता सनाउल्लाह की हत्या। फाइल
- फोटो : CITY DESK
रिश्तेदार ने भागकर शादी की थी, सनाउल्ला कर रहे थे रिश्तेदार की पैरवी
प्रयागराज। खुल्दाबाद के रोशन बाग में रहने वाले अधिवक्ता सनाउल्ला की हत्या के मामले में कुछ और लोग शक के दायरे में आए हैं। पता चला है कि सनाउल्ला के एक करीबी रिश्तेदार ने भागकर शादी कर ली थी। सनाउल्ला उसकी पैरवी पुलिस से लेकर हाईकोर्ट तक कर रहे थे। इसी कारण लड़की का परिवार उनसे खफा था। पुलिस ने कहना है कि जो भी विवाद पता चल रहे हैं, सबकी जांच चल रही है।
रोशन बाग में नगर निगम स्कूल के पास रहने वाले सनाउल्ला (50) की बुधवार की सुबह धारदार हथियार से हत्या कर दी गई थी। शुरू में तो घरवालों ने किसी दुश्मनी से इनकार किया था, लेकिन बाद में पता चला था कि उनका घर के ही एक हिस्से में रहने वाले किरायेदार से मकान को लेकर विवाद था। पुलिस ने किरायेदार को हिरासत में लेकर पूछताछ की। अब पता चला है कि सनाउल्ला का एक रिश्तेदार कुछ महीने पहले तक उनके साथ ही रहता था। उसने पड़ोस की एक लड़की के साथ भागकर शादी कर ली थी। सनाउल्ला अपने रिश्तेदार की पुलिस से लेकर कोर्ट तक पैरवी कर रहे थे। लड़की का परिवार भी संदेह के घेरे में है। मोबाइल कॉल डीटेल्स से भी पुलिस को कई जानकारियां मिली हैं। उस पर भी काम हो रहा है। इंस्पेक्टर खुल्दाबाद रोशन लाल ने बताया कि पुलिस कई बिंदुओं पर काम कर रही है। अभी जांच अंतिम निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है। जो भी शक के दायरे में हैं, उनसे पूछताछ की जाएगी। ।