थाना क्षेत्र के छतनाग उस्तापुर निवासी अधिवक्ता जितेन्द्र द्विवेदी ने मुकेश सक्सेना निवासी चैतन्यपुरी काॅलोनी, नई झूंसी, राजेन्द्र त्रिपाठी, राजकुमार त्रिपाठी निवासी बरौत तिवारीपुर, थाना हंडिया के खिलाफ नौकरी के नाम पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
जितेंद्र द्विवेदी ने आरोप लगाया कि वह प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालय में शिक्षक पद की योग्यता रखते थे। तभी इनकी मुलाकात आरोपी मुकेश सक्सेना से हुई। आरोप है कि मुकेश सक्सेना ने प्राथमिक या फिर माध्यमिक विद्यालय में स्थायी रूप से नियुक्ति कराने के लिए उनसे कुल सात लाख रुपये ले लिए। रुपये 2014 में दिया गया था। आरोप है कि कई साल बाद न तो नौकरी लगी और न ही रुपये लौटाए गए।
नौकरी के लिए पैसा आशुतोष तिवारी निवासी बंगाली टोला, बैरहना एवं अयुक नारायण द्विवेदी निवासी उस्तापुर, झूंसी, राजेन्द्र त्रिपाठी एवं राजकुमार त्रिपाठी की मौजूदगी में दिया गया। आरोप है कि 27 जून 2022 को मुकेश सक्सेना ने पैसे देने के लिए शाम को अपने घर बुलाया लेकिन वहां पहुंचने पर जान से मारने की धमकी दी गई। 10 अप्रैल 2025 को दोबारा घर पर जाकर पैसा मांगा तो फिर गालीगलौज की गई। घटना की तहरीर पुलिस को दी गई तो समझौता हुआ। इसके बावजूद पैसा नहीं मिला। अब कोर्ट के आदेश पर आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।