पुरीपीठाश्वीर शंकराचार्य जगद्गुरु स्वामी निश्चलानंद सरस्वती जी महाराज का 79 वां प्राकट्य महोत्सव बुधवार को उनके नई झूंसी स्थित शिव गंगा आश्रम में ऽराष्ट्रोत्कर्ष-दिवसऽ के रूप में मनाया गया। इसके अंतर्गत प्रात:काल संगम स्थल में पदयात्रा पूर्वक जगद्गुरु शंकराचार्य के संदेशों को जनता तक पहुंचाया गया। त्रिवेणी का दिव्य पूजन किया गया। दोपहर 12 बजे से जगद्गुरु शंकराचार्य ने देश, विदेश के प्रतिनिधियों को साक्षात् तथा ऑन लाइन दर्शन दिए।
आश्रम में जुटे भक्तों ने पूरे विधि-विधान के साथ शंकराचार्य के चरण पादुका की पूजा की। इस मौके पर राष्ट्रकोत्सव संगोष्ठी का भी आयोजन किया गया। भक्तों की ओर से पूछे गए सवालों का जवाब भी पुरी पीठाधीश्वर ने दिया। गंगा की निर्मलता को लेकर किए गए सवाल पर पुरी पीठाधीश्वर शंकराचार्य स्वामी निश्चलानंद सरस्वती जी महाराज ने कहा कि गंगा की निर्मलता के लिए सरकारों की ओर से जो भी योजनाएं चलाई गई। वो कारगर नहीं हुईं। गंगोत्री से लेकर गंगा सागर तक आज भी गंगा की वहीं हालत है।
कहा कि जिन भक्तों ने गंगा की निर्मलता के लिए अनशन किया, अपने प्राण तक त्याग दिए। उन्हें याद करने वाला आज कोई नहीं है। आधुनिक शिक्षा को लेकर किए गए सवाल पर पुरी पीठाधीश्वर ने कहा कि आधुनिक शिक्षा बच्चों में संस्कार पैदा नहीं कर पा रही है। दूषित शिक्षा नीति के कारण छात्र-छात्राओं में अच्छे विचार पैदा नहीं हो पा रहे हैं। इसमें बदलाव की जरुरत है। कहा कि आज की व्यवस्था में जो कुछ है, उसमें से अच्छाई को अपनाना चाहिए। सही सनातन धर्म का सिद्घांत है। जगद्गुरु ने राम मन्दिर, रामसेतु, गो, गंगा आदि की रक्षा के निम्मित जो कार्य किये गए उस पर भी प्रकाश डाला। शंकराचार्य ने कहा कि मेरा पूरा जीवन धर्म, ईश्वर और राष्ट्र की रक्षा के निमित्त है।
अन्तिम सांस तक राष्ट्र के लिये कार्य करता रहूंगा। इस मौके पर पीठ परिषद् के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष झम्मन शास्त्री, आदित्यवाहिनी के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रेमचन्द्र झा, आदित्य वाहिनी उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष राजीव भारद्वाज, ऋषिकेश ब्रह्मचारी, दिलीप खंडेलवाल, भारत भूषण पांडेय, आचार्य श्री राम शङ्कर शुक्ल, राजेश ब्रह्मचारी, प्रफुल्ल चैतन्य ब्रह्मचारी, शैलेष पांडेय, सत्यम शुक्ल, राजीव राणा मिश्र, सुरेंद्र पांडेय, सागर पांडेय, विकास सहाय, लाभ सिंह, अनुराग त्रिपाठी, प्राज्ञल तिवारी, अंकित द्विवेदी, रामजी, हरी मोहन, रून्जय के अलावां आनंदवाहिनी की सदस्याएं, हिन्दुराष्ट्र संघ के पदाधिकारियों सहित नगर व देश भर से अनेक प्रतिष्ठित लोग कार्यक्रम में शिव गंगा आश्रम पहुंचे थे।